बस्तर दशहरा पर बचेली से जयपुर तक पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग
जगदलपुर। विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा को ध्यान में रखते हुए बचेली से जयपुर तक पैसेंजर ट्रेन का संचालन शुरू करने की मांग उठने लगी है। बड़े काकलूर के सरपंच रवींद्र मरकाम ने कहा है कि बस्तर दशहरा समूचे बस्तर संभाग और छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक सांस्कृतिक एवं धार्मिक पहचान है। इस महापर्व में शामिल होने के लिए अंदरूनी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग ट्रेन के माध्यम से जगदलपुर पहुंचते हैं, लेकिन इस वर्ष पैसेंजर ट्रेन की सुविधा नहीं मिलने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सरपंच रवींद्र मरकाम ने सवाल उठाते हुए कहा कि विशाखापत्तनम से बचेली तक मालवाहक ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है, लेकिन लैंडस्लाइड का हवाला देकर पैसेंजर ट्रेन का संचालन बंद रखना समझ से परे है। यदि मालगाड़ियों का परिचालन संभव है, तो यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पैसेंजर ट्रेन के संचालन की संभावनाओं पर भी गंभीरता से विचार किया जाना चाहिए। श्री मरकाम ने कहा कि पूर्व में दंतेवाड़ा तक आने वाले पदयात्रियों को वापसी के लिए ट्रेन की सुविधा मिलती थी, लेकिन इस वर्ष वे भी इस सुविधा से वंचित हैं। वहीं, बस्तर दशहरा में शामिल होने के लिए अंदरूनी क्षेत्रों से जगदलपुर आने वाले लोगों के लिए ट्रेन एक महत्वपूर्ण और किफायती साधन रही है। ट्रेन का संचालन नहीं होने से ग्रामीणों, श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। रवींद्र मरकाम ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि बस्तर दशहरा के महत्व और यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए बचेली से जयपुर तक पैसेंजर ट्रेन का संचालन जल्द शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि बस्तर के लोगों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराना जरूरी है, ताकि अंदरूनी क्षेत्रों के श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के बस्तर दशहरा में शामिल हो सकें। उन्होंने रेलवे प्रशासन से अपील की कि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए रेल सेवा बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि बस्तर के इस ऐतिहासिक पर्व में शामिल होने वाले लोगों को आवागमन की परेशानी से राहत मिल सके।
