विद्यार्थियों ने समझी पंचायती राज की अहमियत
जगदलपुर। बस्तर संभाग के दंतेवाड़ा जिले के बारसूर स्थित पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में विद्यार्थियों को जमीनी लोकतंत्र और पंचायती राज व्यवस्था से परिचित कराने के उद्देश्य से एक अभिनव कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय परिसर में बच्चों द्वारा आदर्श युवा ग्राम सभा का आयोजन किया गया। इसमें छात्रों ने सरपंच, सचिव, वार्ड पंच और ग्रामीणों की भूमिकाएं निभाते हुए वास्तविक ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली का जीवंत प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम भारत सरकार के पंचायती राज मंत्रालय के निर्देश पर आयोजित किया गया। इसके जरिए बच्चों को बताया गया कि ग्राम विकास से जुड़े प्रस्ताव कैसे लाए जाते हैं। दो-तिहाई बहुमत से प्रस्ताव पारित करने की प्रक्रिया क्या होती है, बैठक में कोरम की पूर्ति का क्या महत्व होता है और पंचायत की आय-व्यय का निर्धारण किस प्रकार होता है। इन सभी पहलुओं को विद्यार्थियों ने व्यवहारिक रूप से समझा। बच्चों ने ग्रामसभा का प्रभावी और सफल मंचन किया। सरपंच की भूमिका छात्रा सौम्या नेताम ने निभाई। इसी तरह सिद्धार्थ यादव सचिव, शशांक वार्ड मेंबर, मंजू यादव आशा कार्यकर्ता, कोसाराम किसान प्रतिनिधि, हेतल ठाकुर प्रधान पाठिका, ऐजल मरकाम आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, तन्मय युवा प्रतिनिधि, खुशबू पटेल एनजीओ कार्यकर्ता, प्रज्ञा सोनी रोजगार सहायक की भूमिका में नजर आए। इस आयोजन में रामबचन कुमार, रवींद्र नारायण, मंगेश्वरी, रविंद्र गौतम, संगीत शिक्षक नीलेश कोसरिया व कला शिक्षक केशव सिंह व अन्य शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंच संचालन अमित कुमार ने किया। कार्यक्रम में अतिथि के तौर पर उपस्थित जसवीर नेगी ने बच्चों की प्रशंसा करते कहा कि ऐसा लग रहा था, मानो हम किसी गांव में होने वाली वास्तविक ग्राम सभा में बैठे हैें। आज के बच्चे भविष्य में राजनीति में आएंगे और विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करेंगे। विद्यालय के उप प्राचार्य धर्मेंद्र कुमार यादव ने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं। इन्हें शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए। युवा ग्राम सभा जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जागरूकता और लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करते हैं। सभी विद्यार्थी बाल विवाह जैसी कुरीति के रोकथाम, महिला व बाल सुरक्षा, स्वच्छता और ग्राम विकास के प्रति अपना योगदान दें।
ग्राम सभा में उठे ये मुद्दे
इस विशेष युवा ग्रामसभा में ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, कुपोषण व पेयजल की समस्या, पर्यावरण संरक्षण, बेरोजगारी, युवाओं में नशीले पदार्थों के बढ़ते सेवन की समस्या, कृषि संबंधी समस्या, वृद्धा पेंशन, ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की नीतियों का सही ढंग से क्रियान्वयन, संचार का अभाव, महिलाओं की असमान भागीदारी, महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक शिक्षिकाओं और सभी छात्र-छात्राओं ने बड़े उत्साह के साथ सहभागिता दर्ज कराई।
