बीमा के नाम पर 20 लाख की ठगी, नोएडा से पकड़े गए दो आरोपी
जगदलपुर। बीमा के नाम पर ठगी करने वाले अंतर राज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को बस्तर पुलिस ने उत्तरप्रदेश के नोएडा से गिरफ्तार किया है। आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस टीम को बैंक कर्मी और किराएदार बनकर नोएडामें तीन दिन तक कैंप करना पड़ा। आरोपियों ने एक रिटायर्ड बैंक अधिकारी से बीस लाख रुपए की ठगी की थीं
पुलिस के मुताबिक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के रिटायर्ड उप प्रबंधक आनंदराव देशमुख ने वर्ष 2015 में एचडीएफसी लाइफ की बीमा पॉलिसी ली थी। जिसके एक प्रिमियम का भुगतान करने के बाद वे के आर्थिक स्थिति ठीक न होने से प्रिमियम का भुगतान नही कर पा रहे थे। अक्टूबर माह 2023 में प्रार्थी को लगातार अनजान नंबरों से फोन आ रहे थे। फोन करने वाले शख्स ने खुद को आईआरडीआर का अधिकारी बताते हुए कहा कि आपकी बंद हो चुकी बीमा पॉलिसी की मेच्योरिटी का आपको पूरा पैसा मिलेगा यदि आप इस पॉलिसी को रिन्यू नहीं कराते हैं तो यह पॉलिसी बंद हो जाएगी। इस पर प्रार्थी ने फोन करने वाले द्वारा बताए गए अलग- अलग खातों में कुल 20 लाख 90 हजार 28 रुपए डाल दिए। प्रार्थी को फ्रॉड की आशंका होने पर कोतवाली थाने में उन्होंने लिखित शिकायत दर्ज कराई। अपराध कायमी के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक के आकाश श्रीश्रीमाल व उप पुलिस अधीक्षक सायबर सेल गीतिका साहू के नेतृत्व में मामले की तकनिकी जांच एवं विवेचना आरंभ की गई। विवेचना के दौरान विभिन्न बैंकों से जानकारी ली गई विवेचना के दौरान भी अरोपियों द्वारा नोएडा के सेक्टर 62 सेक्टर 63 और सेक्टर 66 से लगातार प्रार्थी को कॉल किया जा रहा था। तकनीकी जांच से कुछ आरोपियों को चिन्हित कर लिया गया। इसके बाद तत्काल पुलिस अधीक्षक ने एक विशेष टीम गठित कर टीम को निरीक्षक विकेश तिवारी एवं उप निरीक्षक अमित सिदार के नेतृत्व में दिल्ली नोएडा रवाना किया।टीम द्वारा नोएडा में लगातार 3 दिनों तक बैंक कर्मी एवं किरायेदार बनकर रेकी करते हुए एक होटल के पास घेराबंदी कर लवकुश पिता यतेंद्र सैनी निवासी प्रतापगढ़ नोएडा उत्तरप्रदेश और राहुल कुमार पिता रामदुलारे यादव निवासी लालगंज, नोएडा उत्तरप्रदेश को पकड़ा गया। इनके पास से फर्जी सिम एवं फर्जी मोबाईल एटीएम कार्ड, हिसाब किताब के रजिस्टर एवं 10 हजार लोगों के इंश्योरेंश के डॉटा जप्त किए गए। इनसे पूछताछ कर साथी महिला की जानकारी प्राप्त हुई है जिसकी संलिप्तता के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के संबंध में नोटिस जारी किया गया है। आरोपियों से पूछताछ एवं तकनीकी जांच में देश के अन्य राज्य गुजरात, महाराष्ट्र, मप्र, हरियाणा के लोगों से आरोपियों लगातार संपर्क होना पाया गया। इन लोगों से संपर्क कर ठगी होने की जानकारी प्राप्त की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। आरोपियों को पकड़ने में निरीक्षक भोलाराम राजपूत, निरीक्षक विकेश तिवारी, निरीक्षक गौरव तिवारी, उप निरीक्षक अमित सिदार, प्रधान आरक्षक विनोद चांदले, प्रधान आरक्षक लोमेश दीवान, प्रधान आरक्षक मौसम गुप्ता, आरक्षक धर्मेंद्र ठाकुर, आरक्षक मुकुंद भंडारी, आरक्षक गौतम सिन्हा, आरक्षक कृष्णा सावड़े, महिला आरक्षक राधिका नेताम आदि का योगदान रहा।
