आज राष्ट्रव्यापी श्रमिक हड़ताल
जगदलपुर। केंद्र सरकार की कथित मज़दूर-किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ 9 जुलाई को राष्ट्रव्यापी औद्योगिक हड़ताल का आह्वान किया गया है। संयुक्त खदान मजदूर संघ (एटक) एवं मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) का लाल मैदान, बचेली में धरना-प्रदर्शन होगा। इन संगठनों ने कहा है कि श्रमिकों, किसानों, बेरोज़गारों, युवाओं एवं आम जनता पर लगातार हमले कर रही केंद्र सरकार की मज़दूर विरोधी, जन विरोधी एवं कॉर्पोरेट परस्त नीतियों के खिलाफ केंद्रीय ट्रेड यूनियनों एवं स्वतंत्र कर्मचारी फेडरेशनों के संयुक्त मंच के आह्वान पर 9 जुलाई को राष्ट्रव्यापी औद्योगिक हड़ताल की जा रही है। इस राष्ट्रीय आह्वान के समर्थन में संयुक्त खदान मजदूर संघ (एटक) एवं मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) द्वारा लाल मैदान, बचेली में एक दिवसीय धरना–प्रदर्शन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में खदान श्रमिक, ठेका मज़दूर, सेवानिवृत्त कर्मचारी तथा स्थानीय नागरिक भाग लेंगे।
श्रम संगठनों की मांग है कि मज़दूर विरोधी चारों नए लेबर कोड को तत्काल निरस्त किया जाए, सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योगों, बैंकों एवं बीमा क्षेत्र का निजीकरण बंद किया जाए, न्यूनतम मजदूरी 26 हजार रुपए प्रतिमाह तय की जाए और सभी को सामाजिक सुरक्षा की गारंटी दी जाए,
पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू की जाए, ठेकेदारी प्रथा समाप्त की जाए, राष्ट्रीय न्यूनतम मजदूरी घोषित की जाए, बढ़ती महंगाई पर अविलंब रोक लगाई जाए, सभी विभागों एवं उपक्रमों में रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति की जाए, युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं,
सभी नागरिकों को निःशुल्क शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जाएं।
