महापौर संजय पाण्डेय के नेतृत्व में रोल मॉडल बनेगा जगदलपुर: संग्राम सिंह राणा
जगदलपुर। नगर निगम में राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने कहा है कि महापौर संजय पांडेय एवं उनकी टीम की सक्रियता और दूरदर्शी सोच व नेतृत्व के चलते जगदलपुर नगर निगम ने स्वच्छता सर्वेक्षण में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। देशभर में जहां पहले जगदलपुर की रैंक 107वीं थी, वहीं इस वर्ष यह बढ़कर 15वें स्थान पर पहुंच गई है। छत्तीसगढ़ राज्य में नगर निगम को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। यह हमारे लिए गर्व की बात है। मेयर संजय पाण्डेय के नेतृत्व में हमारा शहर जरूर रोल मॉडल बनकर उभरेगा।
संग्राम सिंह राणा ने कहा है कि नगर सरकार के गठन के मात्र चार माह के भीतर यह बड़ी उपलब्धि हासिल करना एक मिसाल है। स्वच्छता सर्वेक्षण के कुल 12,500 अंकों में से 10,440 अंक अर्जित कर नगर निगम ने अपनी प्रतिबद्धता को सिद्ध किया है। यह सफलता वन मंत्री केदार कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, सांसद महेश कश्यप, महापौर संजय पांडेय, निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन, एमआईसी सदस्यों, प्रशासनिक अमले, सफाई मित्रों, सफाई दीदियों, समस्त पार्षदों, अधिकारियों, कर्मचारियों और सबसे बढ़कर आम जनता के सहयोग से मिली है। श्री राणा ने कहा है कि यह सिर्फ एक रैंक नहीं, बल्कि जगदलपुर के नागरिकों की मेहनत और स्वच्छता के प्रति जागरूकता का परिणाम है। हम अगले वर्ष देश के टॉप 3 स्वच्छ शहरों में जगदलपुर को शामिल करवा कर ही रहेंगे। राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने महापौर संजय पांडे के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा- महापौर संजय पांडे ने जो कार्य स्वच्छता को लेकर किया है, उसे शब्दों में बयां करना कठिन है। आने वाले समय में जगदलपुर नगर निगम एक कचरा मुक्त, सुंदर और आदर्श शहर के रूप में देश के सामने उदाहरण बनेगा। नगर निगम की यह सफलता स्वच्छता के प्रति नागरिकों की बदलती सोच और प्रशासन की सक्रियता का प्रतीक है। इस उपलब्धि से बस्तर ही नहीं, पूरे छत्तीसगढ़ को गर्व की अनुभूति हो रही है।
