नालाझर मुठभेड़ के नाम पर जुबानी मुठभेड़
जगदलपुर। बस्तर संभाग के कोंडागांव जिले के केशकाल थाना क्षेत्र के नालाझर जंगल में हुई पुलिस नक्सली मुठभेड़ को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी मुठभेड़ शुरू हो गई है।
गुरुवार की रात केशकाल ब्लाक के ग्राम नालाझर से लगे जंगल में पुलिस नक्सली मुठभेड़, नक्सली सामग्री, साहित्य बरामद करने के साथ ही एक ग्रामीण को गोली लगने की बात सामने आई थी। घटना सामने आने के बाद कोंडागांव की राजनीति में उबाल आ गई है। कांग्रेस जहां मुठभेड़ को फर्जी बता रही है, वहीं भाजपा ने सरकार को बदनाम करने की नियत से कांग्रेसियों द्वारा उल जलूल बयान देने की बात कही है। स्वजनों का दावा है कि उनके परिवार का बेटा गांव के अन्य लोगों के साथ जंगल में शिकार करने गया था, उसी दौरान अचानक गोलियों की आवाज आने लगी, जिससे भयभीत होकर वे भागने लगे। बेटे कमलेश कुमार नेताम को गोली लग गई। कमलेश को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया।जहां पर उसका इलाज जारी है। पत्रकार में पूर्व मंत्री मोहन मरकाम ने मुठभेड़ को फर्जी बताते प्रदेश के गृहमंत्री से इस्तीफे की मांग की ।साथ ही घायल युवक या उसके परिजनों को सरकारी नौकरी देने और एक करोड़ रुपए मुआवजा देने की सरकार से मांग की है। उधर बस्तर विकास प्रधिकरण उपाध्यक्ष व विधायक कोंडागांव लता उसेंडी ने कहा है कि कांग्रेस के पास कहने को कुछ भी नही है इसलिए उल जुलूल बयान दे रहे हैं, जबकि पुलिस ने इस घटना को लेकर प्रेस विज्ञप्ति जारी की है।
