प्रदेश में बढ़ते अपराधों और नशे के कारोबार पर पीसीसी चीफ दीपक बैज ने जताई चिंता

जगदलपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने छत्तीसगढ़ में बढ़ते अपराधों, हत्या की घटनाओं और फैलते नशे के कारोबार पर चिंता जताई है। उन्होंने आज मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर इन पर अंकुश लगाने का आग्रह किया है। दीपक बैज ने चाकूबाजी में मृत युवकों के परिजनों को मुआवजा व सरकारी नौकरी देने तथा लगातार नशे के कारण बढ़ रहे अपराध पर तत्काल एक्शन लेने की भी मांग की है।
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कहा है- यह अत्यंत पीड़ा का विषय है कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिस पर अंकुश लगाना अति आवश्यक है। वहीं प्रदेशभर में सभी तरह के नशे के पदार्थ जैसे शराब, नशीली दवाईयां, गोलियां, ड्रग्स, हेरोइन, गांजा इत्यादि आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं, दूसरे राज्यों के तस्कर ड्रग्स लाकर यहां खपा रहे हैं। प्रदेश में नशे के चलते होने वाले अपराधों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है जो कि बहुत ही चिंतनीय है। दीपक बैज ने कहा है कि पिछले दिनों धमतरी के ढाबे में खाना खाने रूके रायपुर के तीन युवक आलोक सिंह ठाकुर, नितिन तांडी और सुरेश हियाल की निर्मम हत्या कर दी गई। अपराधियों की सामने आई तस्वीरों से उनकी मनोस्थिति साफ झलक रही थी कि उन्होंने नशे की हालत में सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया है। इसी प्रकार रायपुर के चंगोराभाठा में केवल गाड़ी टकरा जाने की छोटी सी घटना में एक डिलिवरी बॉय हेमंत कोठारी की बेरहमी से हत्या कर दी गई।दोनों ही प्रकरणों में चारों युवक बेकसूर और अपने घर के इकलौते कमाने वाले थे। आज उनके परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन शासन प्रशासन ने अभी तक कोई संज्ञान नहीं लिया है।

दें 50-50 लाख का मुआवजा
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज दोनों प्रकरणों में मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रूपये का मुआवजा एवं उनके परिवारों के एक एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग करते हुए कहा है कि इससे पीड़ित परिवारों के भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी। दीपक बैज ने सरकार से अपील की है कि नशीले पदार्थों की बिकी के खिलाफ ठोस कदम उठाते हुए तत्काल कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *