मिडिल स्कूल कुड़कानार में मेधावी छात्राओं का सम्मान

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ रजत जयंती वर्ष के अवसर पर बस्तर ब्लॉक की माध्यमिक शाला कुड़कानार में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 5वीं से 8वीं तक की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर शाला में सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने वाली छात्राओं को केनरा बैंक की घाट पदमूर शाखा द्वारा प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए और उनके बचत खातों में राशि जमा की गई।विशेष उपलब्धि के रूप में कक्षा 8वीं की छात्रा ज्योति कश्यप, पुत्री महेश कश्यप, ने संकुल स्तर पर प्रथम स्थान अर्जित कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। ज्योति को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। छात्रा अनिता कश्यप, गंगोत्री बघेल एवं सरस्वती बघेल को तीन तीन हजार रुपए और ज्योति कश्यप एवं रानू नाग को संयुक्त रूप से 5 हजार रुपए प्रदान किए गए। इन सभी को बैंक के शाखा प्रबंधक श्रीराम तिवारी द्वारा सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में एक शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित किया गया। उपस्थित छात्राओं, अभिभावकों व अधिकारियों को नारी सशक्तिकरण, शिक्षा के प्रति समर्पण और सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर ग्राम पंचायत कुड़कानार की सरपंच सामो कश्यप, उप सरपंच हेमनाथ पटेल, संकुल शैक्षिक समन्वयक आयतू राम पांडे, प्रधान अध्यापक धीरेंद्र यादव, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दयाराम बघेल, सदस्य भुवनेश्वर ठाकुर, रामबती बघेल, पीलू राम कश्यप एवं शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

इस आयोजन का उद्देश्य नारी शिक्षा को प्रोत्साहन, छात्राओं में आत्मविश्वास का संचार तथा समाज में बेटियों की सशक्त भूमिका को बढ़ावा देना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *