आरएसएस को कोसने वालों! देख लो संघ कैसे निभाता है अपना धर्म

जगदलपुर।जो नेता राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ को पानी पी पीकर कोसते रहते हैं, उन्हें बस्तर में आकर देखना चाहिए कि संघ है क्या चीज और संघ के लोग कैसे मानव धर्म निभाते हैं? देश पर जब जब विपदा आती है, तब तब राष्ट्रीय स्वयं सेवक सेवक संघ के राष्ट्रभक्त कार्यकर्ता सबसे पहले मदद के लिए पहुंचते हैं। पीड़ित मानवता की सेवा में संघ के योगदान को हरगिज नकारा नहीं जा सकता। संघ कार्यकर्ताओं की ऎसी ही सेवा भावना की झलक इन दिनों बस्तर में देखने को मिल रही है।

बस्तर संभाग के कुछ जिले अब तक बाढ़ और अतिवृष्टि की त्रासदी से उबर नहीं पाए हैं। बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा विकासखंड के मांदर सहित कई गांवों में भी बाढ़ ने बड़ी तबाही मचाई है। पीड़ितों की मदद के लिए विद्यार्थी और कुछ संगठन जरूर सामने आए हैं, मगर सभी मददगार सिर्फ पीड़ितों के खाने पीने का ही इंतजाम कर रहे हैं, जबकि बरसात के इस मौसम में पीड़ितों के सामने सबसे बड़ी समस्या रिहायश की है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की बस्तर जगदलपुर जिला इकाई ने पीड़ितों की इस सबसे बड़ी समस्या को दूर करने का बीड़ा उठाया है।राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के कर्मठ कार्यकर्ताओं ने बाढ़ प्रभावित ग्राम मांदर लोहंडीगुड़ा में सामुदायिक भवन का मलबा हटाकर ग्रामीणों के रहने के लिए व्यवस्था की। यही नहीं इन सेवाभावी स्वयंसेवकों ने कई घरों के कमरों में बाढ़ के साथ घुस आए मलबे और कचरे को बाहर निकालकर कमरों को व्यवस्थित किया और ग्रामीणों के रहने के लायक बनाया है। स्वयं सेवक कुदाल, फावड़े, तसले आदि लेकर सेवा कार्य में लगातार जुटे रहे। लोहंडीगुड़ा जनपद पंचायत के सीईओ धनेश्वर पांडे ने स्वयंसेवक को एकबार फिर से सहयोग कार्य के लिए आग्रह किया। सभी स्वयंसेवकों ने आगामी रविवार को फिर से ग्राम मांदर जाकर पीड़ितों की सेवा के लिए कार्य करने का निर्णय लिया है। राष्ट्रीय स्वयं सेवकों के इस कार्य से पीड़ित ग्रामीण अभिभूत हो उठे हैं।

मंत्री कश्यप भी हैं समर्पित
वन मंत्री केदार कश्यप भी बस्तर संभाग के प्राकृतिक आपदा पीड़ितों की मदद के लिए तन मन धन से समर्पित भाव से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि पीड़ितों के आंसू पोंछना, उन्हें हर तरह की मदद पहुंचाना मेरा धर्म और कर्तव्य है। किसी भी घर का चूल्हा नहीं बुझने दिया जाएगा, कोई पीड़ित भूखा नहीं सोएगा। मंत्री श्री कश्यप ने कहा है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पूरी संवेदनशीलता के साथ पीड़ितों की मदद के लिए तत्पर हैं, उन्होंने बाढ़ प्रभावित जिलों के कलेक्टरों को पीड़ितों को हर तरह की मदद पहुंचाने के निर्देश दे दिए हैं, हमारी पूरी सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है। मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मैं भी अपने स्तर पर पीड़ितों की सेवा के लिए लगा हूं, किसी को भी कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *