मांदर बाढ़ पीड़ित बच्चों की शिक्षा में सहारा – अजय प्रकाशन व सेजस अलनार की पहल

जगदलपुर :-बस्तर जिले के लौंडीगुड़ा ब्लॉक के मांदर ग्राम में हाल ही में आई भीषण बाढ़ ने ग्रामीणों का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। पानी की तेज धारा अपने साथ न केवल घर-आँगन बहा ले गई, बल्कि अनेक बच्चों की पढ़ाई-लिखाई की सामग्री – किताबें, कॉपियाँ, गाइड और स्टेशनरी भी नष्ट हो गई। इस वजह से बच्चे मानसिक रूप से टूट गए और विद्यालय आने का उत्साह भी कम होने लगा।

ऐसे कठिन समय में, सेजस अलनार के गणित व्याख्याता श्री राहुल कुमार पांडे ने यह ठाना कि किसी भी हाल में बच्चों की शिक्षा बाधित नहीं होनी चाहिए। इस पहल में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अजय कोर्राम का भी सक्रिय मार्गदर्शन और सहयोग रहा। दोनों ने मिलकर रायपुर स्थित अजय प्रकाशन के डायरेक्टर श्री विजय दानी से सीधा संवाद कर मांदर बाढ़ पीड़ित बच्चों के लिए निःशुल्क गाइड उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

श्री दानी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत स्वीकृति दी और अपने मानव संसाधन प्रबंधक श्री रोशन पुरोहित के माध्यम से इस कार्य को आगे बढ़ाया। वहीं जगदलपुर में पदस्थ अजय प्रकाशन के अधिकारी श्री पूरणमल सिन्हा ने सक्रियता के साथ बच्चों तक सामग्री पहुँचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की।

यह पहल केवल किताबें बाँटने तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह बच्चों के जीवन में आशा की किरण लेकर आई। बाढ़ की विभीषिका से जूझ रहे परिवारों को भी यह विश्वास मिला कि समाज और शिक्षा जगत मिलकर हर कठिनाई में बच्चों के साथ खड़े हैं।

सेजस अलनार परिवार की ओर से प्रधानाचार्य श्री अजय कोर्राम, गणित व्याख्याता श्री राहुल कुमार पांडे, अजय प्रकाशन तथा सभी सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *