बस्तर संभाग के 36 गांवों में जलवायु अनुकूल आजीविका कार्यक्रम शुरू

जगदलपुर। एचडीएफसी बैंक द्वारा “परिवर्तन कार्यक्रम” के अंतर्गत कलेक्टोरेट कार्यालय जगदलपुर में क्लाइमेट रेसिलिएंट गांव पहल का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का क्रियान्वयन प्रदान संस्था के माध्यम से किया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य बस्तर क्षेत्र की 4 हजार महिला कृषकों की आजीविका को सुदृढ़ करना और उन्हें जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से जूझने के लिए सक्षम बनाना है।कार्यक्रम के अंतर्गत समेकित प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन, पुनर्जननशील कृषि एवं सौर ऊर्जा समाधानों को बढ़ावा दिया जाएगा। बस्तर जो हाल के वर्षों में अनियमित वर्षा, बाढ़ और सूखे जैसी जलवायु चुनौतियों का सामना कर रहा है, भारत के सर्वाधिक संवेदनशील क्षेत्रों में गिना जाता है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसानों को जलवायु अनुकूल खेती पद्धतियों, जैसे मिश्रित एवं जैविक कृषि, वनों के संरक्षण और विविध आजीविका विकल्पों के माध्यम से सशक्त बनाना है। कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर आलोक तिवारी, मुख्य वन संरक्षक जगदलपुर, उत्तम कुमार गुप्ता वन मंडलाधिकारी, बस्तर, आलोक भार्गव, पशुपालन विभाग, एचडीएफसी बैंक से चंद्रशेखर राय क्लस्टर हेड, विकास कुमार गुप्ता, सीनियर मैनेजर सीएसआर, राज पटेल शाखा प्रबंधक जगदलपुर, अबरार खान, शाखा प्रबंधक जगदलपुर, प्रदान संस्था के प्रतिनिधि, स्थानीय समुदाय एवं महिला समूहों की प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे। समापन अवसर पर प्रदान संस्था की कार्यकर्ता भक्ति भट्ट ने धन्यवाद ज्ञापन दिया और कहा कि जलवायु अनुकूल गांव बनाना केवल खेती का विषय नहीं, बल्कि सामूहिक लचीलापन बढ़ाने की दिशा में उठाया गया कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *