यहां सियासी खाई पाटने की जरूरत है नेताजी!

-अर्जुन झा-
जगदलपुर। बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में भाजपा गहरी खाई में घिरी हुई है। बीजापुर विधानसभा सीट दस साल पहले भाजपा की हुआ करती थी, जो अब कांग्रेस की झोली में जा चुकी है। दस साल पहले यहां से दो बार विधायक चुने गए महेश गागड़ा डॉ. रमन सिंह की सरकार में मंत्री हुआ करते थे। तब वे कारों और सुरक्षा कर्मियों के काफिले के साथ घूमा करते थे आज वे ट्रैक्टर की सवारी करते नजर आने लगे हैं। ट्रैक्टर की ट्राली पर बैठे महेश गागड़ा का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे चलते ट्रैक्टर से सड़क के गड्ढे पर गिट्टी मिट्टी गिराते नजर आ रहे हैं। इस पर तरह तरह की चर्चाएं और टिप्पणी भी सामने आने लगी हैं। लोग कह रहे हैं कि नेताजी को अभी सड़क के गड्ढे भरने की नहीं, बीजापुर में भाजपा के लिए जो खाई बन चुकी है, उसे पाटने की जरूरत है, वरना यह सीट हमेशा के लिए भाजपा के हाथों से निकल जाएगी।
दरअसल बीजापुर विधानसभा सीट में दस साल से भाजपा के लिए सूखे जैसे हालात हैं। इसके पहले के दस सालों तक भाजपा के महेश गागड़ा लगातार दो बार विधायक चुने गए और डॉ. रमन सिंह की सरकार में मंत्री भी बनाए गए। उस दौरान संगठनात्मक और प्रशासनिक कामकाज में जो लापरवाही बरती गई उसका खामियाजा अब भाजपा को बीते दस सालों से वनवास के रूप में भोगना पड़ रहा है। बीते दो विधानसभा चुनावों में कांग्रेस के विक्रम शाह मंडावी जीतते आ रहे हैं। लगातार जिले की जनता के बीच सक्रिय रहने वाले विक्रम मंडावी ने बीजापुर की सियासी जमीन पर भाजपा के लिए ऎसी खाई खोद कर रख दी है, जिसे पाट पाना भाजपा के लिए आसान नहीं है। आलम यह है कि सत्ता का मजा ले चुके पूर्व मंत्री महेश गागड़ा अब ट्रैक्टर की सवारी और सड़क के गड्ढे पाटने का उपक्रम करते नजर आने लगे हैं। जब भरी बारिश में बाढ़ आई तब गागड़ा जी गोवा में मजे ले रहे थे। एक दिन आए कंबल और राशन बांट दिया। फोटो सेशन हुआ और राशन पाने वाले मजबूर 4 लोगों ने बांटने आए 40 लोगो के साथ फोटो खिंचाई। वाह रे सेवक! 2023 में भाजपा की सरकार बनी वो भी डबल, कहीं-कहीं पर ट्रिपल। आज 2 साल अपने अंतिम पड़ाव पर है, तब ये गड्ढे नही दिखे? मोदी जी आए, अमित शाह आए, मुख्यमंत्री आए, तब भी सड़क नहीं सुधरी।आज चिंता हो रही सड़को में लोगों की जान जाने की। लोग पूछ रहे हैं कि तब ये फिक्र कहां खो गई थी गागड़ा जी, जब 2 सालों तक लोग इस सड़क पर बेमौत मारे जाते रहे? यह वीडियो देखकर पहले मन मे एक भाव उठा, ऐसी सेवा, संवेदना और जनता के ऎसी प्रति सहानुभूति, काबिले तारीफ है। गौर से देखने पर पता चला कि ये जनाब तो पूर्व मंत्री महेश गागड़ा हैं। वे रमन सिंह सरकार में वन मंत्री थे। दो बार विधायक, मंत्री रहते अपनी तथाकथित सक्रियता, जनता से अलगाव और कार्यकर्ताओं से टेबल मीटिंग में अनुपस्थिति के कारण आज अलोकप्रिय छवि बना चुके हैं। बस अपनी सरकार, वो भी डबल इंजन की निष्क्रियता का भार उठा रहे हैं। यह मेहनत अब फिर से टिकट पाने की है, ना कि जनता की सेवा के लिए? यह हम नहीं आम लोग कह रहे हैं। लोग कह रहे हैं गागड़ा साहब रायपुर में छुट्टी मनाकर बोर हो गए होंगे, सोचा अब राजनीति चमका लेते हैं। ये सड़क के नहीं भाजपा अपनी करनी के गड्ढे भर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *