सेजस बास्तानार का जलवा: विज्ञान प्रदर्शनी में दो प्रथम स्थान, विद्यालय का नाम रोशन
बास्तानार :- विकासखंड स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं राष्ट्रीय विज्ञान सेमिनार 2025-26 में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजस), बास्तानार के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो प्रथम स्थान प्राप्त किए। इस उल्लेखनीय सफलता ने विद्यालय सहित क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
कार्यक्रम में विद्यालय के छात्रों ने अपनी रचनात्मकता, नवाचार और वैज्ञानिक सोच का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। हाई स्कूल वर्किंग मॉडल श्रेणी में कक्षा 10वीं के नीलेश कश्यप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं मिडिल स्कूल वर्ग में कक्षा 7वीं के विक्रम सोरी ने भी प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
यह आयोजन विकासखंड स्तर पर बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी के अंतर्गत किया गया था, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। सेजेस बास्तानार ने हाई स्कूल और मिडिल स्कूल दोनों ही वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर दोहरी सफलता अर्जित की।
इन उपलब्धियों के साथ विद्यालय के दोनों विजेता छात्र अब अगले चरण की प्रतियोगिताओं के लिए चयनित हुए हैं। यह सफलता विद्यालय में विज्ञान एवं नवाचार के प्रति विद्यार्थियों की बढ़ती रुचि और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन का परिणाम है।
विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।
