शिक्षकों की समस्याओं पर मुख्यमंत्री से चर्चा करेंगे किरण देव और महेश कश्यप:
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश व्यापी कार्यक्रम के तहत एलबी संवर्ग के शिक्षकों की मांग को लेकर बस्तर सांसद महेश कश्यप एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक किरण सिंह देव को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में शिक्षकों की टेट परीक्षा अनिवार्यता के निर्णय को रद्द कराने की मांग प्रमुखता से उठाई गई है। बताया गया है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा अगस्त 2012 को जारी छत्तीसगढ़ राजपत्र शिक्षक पंचायत संवर्ग भर्ती तथा सेवा की शर्ते नियम 2012 के तहत शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को अनिवार्य किया गया है l इसके पूर्व नियुक्त शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) अनिवार्य नहीं था, अतः सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर कर अगस्त 2012 के पूर्व के नियुक्त सेवारत शिक्षकों के हितों की रक्षा करने के लिए छत्तीसगढ शासन द्वारा आवश्यक पहल कराने की मांग की गई है।एलबी संवर्ग के शिक्षकों के पेंशन निर्धारण के लिए सेवा अवधि की गणना संविलियन दिनांक एक जुलाई 2018 से करने के कारण वर्ष 2028 के पूर्व सेवानिवृत होने वाले एलबी संवर्ग के शिक्षकों को पुरानी पेंशन का लाभ नहीं मिल रहा है, अतः संविलियन पूर्व की सेवा अवधि की गणना करते हुए समस्त शिक्षक एलबी संवर्ग के लिए पुरानी पेंशन निर्धारित किये जाने की मांग की गई है। संघ ने कहा कि भारत सरकार द्वारा सितंबर 2008 को उत्तरप्रदेश सरकार द्वारा सितंबर 2009 को तथा उत्तराखंड सरकार द्वारा अक्टूबर 2010 को आदेश जारी कर 33 वर्षं की अर्हकारी सेवा में पूर्ण पेंशन के स्थान पर 20 वर्ष अर्हकारी सेवा में पूर्ण पेशन का प्रावधान किया गया है, सेवानिवृत होने पर छत्तीसगढ़ में 33 वर्ष की अर्हकारी सेवा में पूर्ण पेंशन का नियम है, अतः भारत सरकार, उत्तरप्रदेश एवं उत्तराखंड सरकार के समान 20 वर्ष की अर्हकारी सेवा में पर्ण पेंशन अतिम वेतन का 50 प्रतिशत का प्रावधान किया जाए एवं उच्च न्यायालय बिलासपुर की डबल बैंच द्वारा पारित निर्णय अनुसार सभी पात्र एलबी संवर्ग के शिक्षकों के लिए क्रमोन्नति समयमान का आदेश जारी कराने की मांग की गई है। जनप्रतिनिधियों ने शिक्षकों की मांगो को ध्यानपूर्वक सुनकर विस्तृत जानकारी ली तथा शासन स्तर पर चर्चा कर अपनी बात रखने का आश्वासन दिया। इस दौरान संघ के पदाधिकारी प्रवीण श्रीवास्तव, शिवसिंह चंदेल, राजेश गुप्ता, लुदरसन कश्यप, मोहम्मद ताहीर शेख, अमित पॉल, हरेंद्र राजपूत, सुधीर दुबे, अनिल खंडालकर, शरद श्रीवास्तव, पवन भट्ट, गजराज सिंह, अकबर खान, प्रकाश सारथी, संगीता कौर, अनिता बहल, ओमप्रकाश पटेल, विनय सिँह, नवल कांत झा, संतोष देवांगन, श्री बघेल एवं श्री भारती उपस्थित रहे।
