सालेगुड़ा पारा स्कूल में दो माह से शिक्षक नहीं; बच्चों की पढ़ाई ठप
बकावंड। विकासखंड बकावंड की ग्राम पंचायत सोनपुर के सालेगुडा पारा की प्राथमिक शाला में महीनों से शिक्षक नहीं होने से अध्यापन व्यस्था ठप है। प्रभारी प्रधान पाठक छुट्टी पर है। संकुल समन्वयक को इस स्कूल शिक्षा व्यस्था की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने केवल एक शिक्षिका के स्कूल आने की बात स्वीकारी। वहीं बीईओ श्री यादव ने जल्द ही व्यवस्था दुरुस्त करने की बात कही है।
बकावंड जनपद पंचायत के अंतर्गत ग्राम पंचायत सोनपुर की प्राथमिक शाला सालेगुड़ा पारा में पिछले दो महीनों से शिक्षक-शिक्षिका की अनुपस्थिति से बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शासन द्वारा स्कूल में शिक्षकों की नियुक्ति तो की गई है, लेकिन शिक्षक विद्यालय में समय पर उपस्थित नहीं होते और मनमर्जी से कार्य करते हैं।ग्रामीणों के अनुसार स्कूल में नियुक्त शिक्षक सुबह 9 बजे आते हैं और बच्चों को केवल खानापूर्ति के नाम पर पढ़ाकर 3 बजे तक चले जाते हैं। स्कूल का नियमित निरीक्षण भी महीनों से नहीं हुआ, जिससे व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त है। जब सीएससी से इस संबंध में चर्चा की गई तो उन्होंने बताया कि एक मैडम ट्यूशन पढ़ाने आती है, इसलिए हम लोग भी नहीं जाते। उन्होंने यह भी कहा कि यदि वह मैडम 4 बजे तक नहीं रहती, तो वे किसी और शिक्षक को भेज देंगे। यह बयान स्वयं विभागीय कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल उठाता है।
स्कूल परिसर बदहाल
स्कूल परिसर में गंदगी फैली हुई है।
किताबें, कॉपी, कार्टून और जरूरी शैक्षणिक सामग्री बिखरी पड़ी है। बच्चों की पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण का सर्वथा अभाव इस स्कूल में है। स्कूल के प्रभारी प्रधान अध्यापक धनुर्जय बघेल से बात करने पर उन्होंने सिर्फ इतना कहा- मैं अभी छुट्टी पर हूं। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव से फोन पर बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने कहा- आप लोग मैसेज कर दिया करें, मैं हर संभव समस्याएं दूर करने का प्रयास करूंगा। वहीं बीएसी सोनसिंह बघेल को फोन किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया गया।
ग्रामीणों की मांग
ग्रामीण और पालक वर्ग शासन-प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि स्कूल में स्थायी शिक्षक तुरंत नियुक्त किए जाएं, रोजाना निरीक्षण व्यवस्था मजबूत की जाए, बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई की जाए
तुरंत दूर कराएंगे समस्या
सबंधित स्कूल में शिक्षकों के न आने की जानकारी आपसे मिली है, मैं विभागीय तौर पर पता करवा कर तुरंत समस्या दूर करवाऊंगा।
–बीआर बघेल,
जिला शिक्षा अधिकारी, बस्तर
