एसडीएम मनीष वर्मा ने फिर पकड़ा 27 क्विंटल अवैध धान



बकावंड। क्षेत्र में अवैध धान परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने एकबार फिर कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सिंगसारी क्षेत्र से अवैध रूप से धान बस्तर की ओर ले जाए जाने की सूचना पर बकावंड एसडीएम मनीष वर्मा ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसडीएम मनीष वर्मा के निर्देशन में गठित प्रशासनिक टीम ने बंगला डोंगरी के पास संदिग्ध वाहन पर नजर रखी और घेराबंदी कर एक पिकअप वाहन को रोका। जांच के दौरान पाया गया कि पिकअप में बड़ी मात्रा में अवैध धान का परिवहन किया जा रहा था।पकड़ी गई पिकअप गाड़ी का क्रमांक ओआर 24 ए 7629 है, जिसे नित्यानंद चौधरी पिता नरेंद्र चौधरी, निवासी सिंगसारी चला रहा था। वाहन पर करीब 27 क्विंटल अवैध धान लदा पाया गया, जिसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। प्रशासन ने मौके पर ही पिकअप वाहन सहित अवैध धान को जप्त कर लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई हेतु वाहन को करपावंड थाना में सुरक्षित रखवाया गया। मामले में आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। एसडीएम मनीष वर्मा ने कहा है कि शासन के निर्देशों के विपरीत अवैध धान खरीदी एवं परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद अवैध धान परिवहन और कालाबाजारी में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। वहीं ग्रामीणों और किसानों ने प्रशासन की इस तत्परता और सख्ती की सराहना करते हुए इसे किसानों के हित में उठाया गया अहम कदम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *