नमी के नाम पर ऐंठ रहे हैं दो किलो ज्यादा धान!
-अर्जुन झा-
बकावंड। बकावंड ब्लॉक अंतर्गत आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित बकावंड के धान खरीदी केंद्र में किसानों के पसीने की कमाई की लूट मची हुई है। यहां नमी की आड़ में निर्धारित मात्रा से ज्यादा धान ऐंठ कर किसानों का शोषण किया जा रहा है।
किसानों का कहना है कि शासन के प्रावधान के आनुसार प्रति कट्टा 40 किलो 700 ग्राम धान लेने का प्रावधान है, लेकिन खरीदी केंद्र में उनसे लगभग 42 किलो 620 ग्राम धान लिया जा रहा है। किसानों ने बताया कि वे खेतों में कड़ी मेहनत कर धान की कटाई, मिंजाई एवं सुखाने की प्रक्रिया पूरी करने के बाद धान खरीदी केंद्र तक लाते हैं, जहां शासन द्वारा तय दर 3100 रुपये प्रति क्विंटल पर धान विक्रय किया जाता है। इसके बावजूद खरीदी के समय अधिक मात्रा में धान लिया जाना किसानों के साथ अन्याय है। इस संबंध में स्थानीय खरीदी केंद्र प्रभारी लक्ष्मी नारायण का कहना है कि धान गीला रहता है, उसमें नमी की मात्रा ज्यादा रहती है, इसलिए ज्यादा धान ले रहे हैं। वहीं लेंपस प्रबंधक टिकेश्वर सेठिया से फोन पर चर्चा करने पर उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन का आदेश 40 किलो 700 ग्राम का ही है और यदि इससे अधिक धान लिया जा रहा है तो वे स्वयं मौके पर जाकर जांच करेंगे। मामले में समिति के मैनेजर अनंत प्रसाद पांडे से ने कहा कि आज के समय में किसान अधिक मात्रा में धान नहीं देते हैं और उन्हें इस तरह की शिकायतों पर विश्वास नहीं होता। साथ ही मीडिया द्वारा सवाल पूछे जाने पर उन्होंने असहमति जताते हुए बयान दिया।फिलहाल किसानों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी और न्यायसंगत धान खरीदी सुनिश्चित हो सके।।
होगी जांच और कार्रवाई
निर्धारित मात्रा से ज्यादा धान लिया जा रहा है तो इसकी जांच कर संबंधित कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
–मनीष वर्मा,
एसडीएम, बकावंड
