हिंदू संगम बोड़ला में संत पदयात्रा, सम्मेलन व धर्मसभा, सहित 13 से 18 जनवरी तक होंगे विविध आयोजन

कवर्धा,,, हिंदू संगम आयोजन समिति, बोड़ला के तत्वावधान में आयोजित होने वाले हिंदू संगम बोड़ला 2026 के संबंध में आज संघ कार्यालय, पीजी कॉलेज के सामने आयोजित प्रेस वार्ता में कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रेस वार्ता को संत सर्वेश्वर दास,राधेश्याम चंद्रवंशी, राजेंद्र चंद्रवंशी ने संबोधित किया।
प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने बताया कि हिंदू संगम बोड़ला समाज में सनातन चेतना, सांस्कृतिक जागरण, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रभाव को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विगत 14 वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सनातन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का सतत अभियान है।
उन्होंने बताया कि हिंदू संगम का प्रथम आयोजन 10 फरवरी, मौनी अमावस्या (रविवार) को परम पूज्य सरसंघचालक, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ डॉ. मोहन भागवत जी के आतिथ्य में संपन्न हुआ था, जिसने इस आंदोलन को वैचारिक दिशा और सामाजिक स्वीकार्यता प्रदान की। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए यह आयोजन प्रतिवर्ष व्यापक स्वरूप ले रहा है।

प्रेस वार्ता में जानकारी दी गई कि इस वर्ष 13 जनवरी से 18 जनवरी 2026 तक हिंदू संगम बोड़ला के अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न वर्गों को जोड़ने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
13 जनवरी 2026 को मातृ शक्ति सम्मेलन एवं कलश यात्रा के माध्यम से नारी शक्ति के सम्मान और सहभागिता का संदेश दिया जाएगा।
14 जनवरी 2026 को परिवार सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें भारतीय पारिवारिक मूल्यों, संस्कार और सामाजिक एकता पर विचार किया जाएगा।
15 जनवरी 2026 को वैद्य, वैद्या एवं चिकित्सक सम्मेलन के माध्यम से भारतीय चिकित्सा परंपरा और सेवा भाव को केंद्र में रखा जाएगा।
16 जनवरी 2026 को मंदिर अर्चक, पुरोहित, पंथ प्रमुख, गुरु एवं कथा वाचक सम्मेलन आयोजित कर धार्मिक नेतृत्व को एक मंच पर लाया जाएगा।
17 जनवरी 2026 को युवा सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें 15 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को राष्ट्रनिर्माण और संस्कार आधारित जीवन पथ से जोड़ने का आह्वान किया जाएगा।

01 जनवरी से 07 जनवरी तक चारो ब्लॉक में निकलेगी संत यात्रा
01 जनवरी से 07 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाली संत पदयात्रा के माध्यम से संत-महात्मा गांव-गांव जाकर सनातन धर्म, सामाजिक समरसता, सद्भाव और राष्ट्रभाव का संदेश देंगे। यह पदयात्रा हिंदू संगम बोड़ला की वैचारिक आत्मा है, जो जनसंपर्क और जनजागरण का सशक्त माध्यम बनेगी।

आयोजन का मुख्य कार्यक्रम 18 जनवरी 2026, माघ मौनी अमावस्या (रविवार) को सनातन हिंदू धर्मसभा के रूप में आयोजित होगा। यह कार्यक्रम हिंदू संगम स्थल, बांधाटोला, बोड़ला, जिला-कवर्धा (छ.ग.) में दोपहर 02:00 बजे से प्रारंभ होगा। इस अवसर पर रामदत्त चक्रधर सह सरकार्यवाह, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, इस अवसर पर समसामयिक राष्ट्रीय परिदृश्य पर उनका उद्बोधन सुनने का अवसर भी सभी का प्राप्त होगा । साथ ही देश-प्रदेश के राष्ट्रीय पदाधिकारी संत, महंत, विद्वान एवं समाज प्रमुखों का सान्निध्य प्राप्त होगा।
उक्त कार्यक्रम में ग्रामीण अंचल में चिकित्सा प्रदान करने वाले बैगा,गुनिया,चिकित्सकों का विशेष सम्मान किया जाएगा । कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य हिंदू धर्म जागरण करना ,सामाजिक समरसता और धर्मांतरण ,लव जिहाद जैसे जटिल विषयों पर जागरण के साथ साथ संगठित हिंदू समाज का निर्माण करना है ।

प्रेस वार्ता के माध्यम से आयोजन समिति ने जिले सहित आसपास के समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों, युवाओं, मातृशक्ति एवं सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर हिंदू संगम बोड़ला 2026 को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *