जगदलपुर में झूलेलाल जन्मोत्सव की रहेगी धूम
जगदलपुर। हिंदू नववर्ष चैत्र नवरात्रि से, मराठी नववर्ष गुड़ी पड़वा से तो वहीं सिंधी नववर्ष चेट्रीचंड्र से शुरू होता है। चैत्र मास को सिंधी में चेटी कहा जाता है और चांद को चंड इसलिए चेटीचंड का अर्थ हुआ चैत्र का चांद. ये दिन जल के देवता भगवान झूलेलाल को समर्पित है, जो सिंधी समाज के इष्ट एवं आराध्य देव हैं।
सिंधी गुरुद्वारा कमेटी जगदलपुर के अध्यक्ष सुंदर भोजवानी ने जानकारी दी है कि श्री गुरु संगत गुरुद्वारा कमेटी व सिंधी पंचायत तत्वावधान में समाज सदस्यों की बैठक सिंधी गुरुद्वारा में आहूत की गई। इस वर्ष 20 मार्च साईं झूलेलाल जी जन्मोत्सव की तैयारी को लेकर बैठक में निर्णय लिया गया, श्री गुरुग्रंथ पाठ साहिब 14 मार्च शनिवार प्रातः 10 बजे से गुरुद्वारा में आरंभ होगा। साईं झूलेलाल जन्मोत्सव की पूर्व संध्या 19 मार्च संध्या 7 बजे से भजन कीर्तन व भक्ति संगीत संध्या का आयोजन सिंधु भवन में होगा। धमतरी से आए भाई साहब हितेश जग्यासी, रोशनी जग्यासी द्वारा भजन कीर्तन होने के पश्चात भोजन प्रसादी की व्यवस्था रहेगी। गुरुद्वारा कमेटी के सचिव संतोष बजाज ने बताया कि साईं झूलेलाल अवतरण दिवस एवं सिंधी नववर्ष पर हर वर्ष की भांति इस साल भी सुबह 9:30 बजे से सिंधी समाज के सभी सदस्य, युवा मंडल, सुहिणी सोच महिला विंग भगवा रंग के वस्त्र में दुपहिया वाहन रैली में शामिल होंगे। यह दुपहिया वाहन रैली सिंधी गुरुद्वारा से निकलकर चांदनी चौक, शहीद पार्क चौक, कोतवाली चौक, गोल बाजार, सिरहासार चौक, मां दंतेश्वरी मंदिर, संजय बाजार, गुरु गोविंद सिंह चौक, चांदनी चौक होती हुई रैली सिंधी गुरुद्वारा पहुंचेगी. पुरे मार्ग में साईं झूलेलाल का जयघोष होता रहेगा।
20 को विविध आयोजन
*गुरुद्वारा में 20 मार्च शुक्रवार को सुबह 11 बजे से भक्ति संगीत के पश्चात श्री गुरुग्रंथ पाठ साहिब समाप्ति व अरदास, पल्लव, भोग साहिब, प्रसादी वितरण होगा। सिंधु भवन में दोपहर 2 बजे से आम लंगर होगा एवं शाम 6 बजे सिंधी गुरुद्वारा में बहराणा साहिब जी की पूजा समाज सदस्यों द्वारा की जाएगी साथ ही प्रसादी वितरण व शीतल पेय थादल वितरित किया जाएगा। साईं झूलेलाल शोभायात्रा में समाज के सभी सदस्य शामिल होकर छेज नृत्य के साथ झूलेलाल मार्ग, कोतवाली चौक, मुख्यमार्ग होते हुए गोल बाजार, सिरहासार चौक से बलिराम कश्यप चौक से महादेव घाट पहुंचेंगे, पुरे मार्ग में आतिशबाजी व प्रसाद वितरण होगा, यहां महादेव घाट पर दीपों की रोशनी व आतिशबाजी की जाएगी। घाट के नीचे नदी किनारे बहराणा साहिब की पूजा, अखो, पल्लव कर प्रसाद व खजाना वितरण किया जाएगा। सिंधु भवन में रात 9 बजे से भोजन प्रसादी की व्यवस्था रहेगी। 20 मार्च चेटीचंड पर्व पर सिन्धी समाज सदस्यों की समस्त दुकानों में अवकाश रहेगा।
*सिन्धी पंचायत के दोनों संरक्षक उधाराम मूलचंदानी, गोवर्धन दास नवतानी ने बताया सनातन सिंधु परम्परा अनुसार झूलेलाल (उड़ेरोलाल) जन्मोत्सव के पावन दिवस पर सिंधी समाज सदस्य जल व ज्योत की पूजा करते हैं, विशेष पवित्र कलश बहिराणा साहिब निकाल कर इसे नदी में परवान करते और भगवान झूलेलाल के भजनों एवं छेज नृत्य (डांडिया) के साथ शोभायात्रा निकालते हैं।
