संजय बाजार व्यवस्थित करने व्यापारियों से लिया जाएगा सहयोग:- संजय पाण्डेय

जगदलपुर:- नगर निगम कार्यालय में संजय बाजार व्यापारी कल्याण संघ के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संघ के अध्यक्ष पंकज सिंघल के नेतृत्व में महापौर संजय पांडेय से मुलाकात कर बाजार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान संजय बाजार की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने, सफाई व्यवस्था, मटन मार्केट के संचालन तथा यूजर चार्ज को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में महापौर संजय पांडेय ने कहा कि नगर निगम द्वारा संजय बाजार को सुव्यवस्थित और बेहतर सुविधाओं से युक्त बनाने की पूरी योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि बाजार क्षेत्र में व्यापारियों और आम नागरिकों को सुविधा मिले, इसके लिए चरणबद्ध तरीके से कार्य किए जाएंगे। जल्द ही विस्तृत योजना बनाकर संजय मार्केट को व्यवस्थित किया जाएगा, जिससे यहां की अव्यवस्थाएं दूर हों और बाजार का संचालन सुचारू रूप से हो सके।
यूजर चार्ज के संबंध में जो भ्रांतियां है उसे दूर किया गया। महापौर ने स्पष्ट करते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा लोगों को सही जानकारी देने और भ्रम दूर करने के लिए लगातार संवाद किया जा रहा है। यूजर चार्ज शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आवश्यक है और इसके माध्यम से कचरा प्रबंधन व सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा।
बैठक के दौरान महापौर संजय पांडेय ने कहा कि महिला समृद्धि बाजार के आसपास या संजय मार्केट क्षेत्र में गंदगी फैलाने वालों को पहले समझाइश दी जाएगी। यदि इसके बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर में स्वच्छता को लेकर लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है इसके बेहतर परिणाम भी आ रहे हैं और जनता जनार्दन ऑटो के माध्यम से कचरा दे रहे हैं। नगर निगम का प्रयास है कि व्यापारिक क्षेत्रों सहित पूरे शहर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बैठक में मटन मार्केट को व्यवस्थित करने के विषय पर भी लंबी चर्चा हुई। महापौर ने कहा कि मटन मार्केट की व्यवस्था को भी बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि स्वच्छता और व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित हो सके। इसके अलावा संजय बाजार परिसर में सुरक्षा और निगरानी को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे, जिससे बाजार में होने वाली गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण किया जा सके।
इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पाणिग्रही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, राणा घोष, योगेंद्र पांडे, आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, राकेश यादव, पंकज सिंघल, राजेश संतवानी, विष्णु ठाकुर, हरेश नागवानी, सुरेश जैन, दिलीप कुंडू सहित बड़ी संख्या में व्यापारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *