जगदलपुर के लेखक राहुल कुमार पांडेय ने अपनी पुस्तक “रुकना सीखिए” खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती शालिनी तिवारी को भेंट की
जगदलपुर :- जगदलपुर के युवा लेखक एवं गणित व्याख्याता राहुल कुमार पांडेय ने अपनी नई पुस्तक “रुकना सीखिए” की एक प्रति खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती शालिनी तिवारी को भेंट की। इस अवसर पर दोनों के बीच शिक्षा, साहित्य और विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास जैसे विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
खंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती शालिनी तिवारी ने पुस्तक प्राप्त करते हुए कहा कि आज के तेज़ी से बदलते दौर में युवाओं और विद्यार्थियों को जीवन की दौड़ में संतुलन बनाए रखना बहुत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “रुकना सीखिए” जैसे विषय पर लिखी गई पुस्तक निश्चित रूप से पाठकों को आत्ममंथन करने और सही दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी। उन्होंने लेखक राहुल कुमार पांडेय को इस रचनात्मक कार्य के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल साहित्यिक भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर लेखक राहुल कुमार पांडेय ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग बिना सोचे-समझे लगातार आगे बढ़ते रहते हैं, जबकि कई बार सही समय पर रुककर सोचना और अपने जीवन की दिशा तय करना ही असली सफलता की शुरुआत होती है। उन्होंने बताया कि उनकी पुस्तक “रुकना सीखिए” का उद्देश्य पाठकों को जीवन में संतुलन, धैर्य और सकारात्मक सोच की ओर प्रेरित करना है।
इस दौरान उन्होंने शिक्षा विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की और कहा कि शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के बीच पढ़ने-लिखने की संस्कृति को बढ़ावा देना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
