उप मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण और आगामी शैक्षणिक सत्र की तैयारियों की गहन समीक्षा की
कवर्धा,,,। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज कलेक्टर कार्यालय में निर्माण एजेंसी, सीजी एमएससी तथा जिला अस्पताल के अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक लेकर मेडिकल कॉलेज भवन निर्माण की प्रगति और आगामी शैक्षणिक सत्र की तैयारियों की गहन समीक्षा की। बैठक में उन्होंने निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, समय-सीमा और गुणवत्ता को लेकर अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री शर्मा ने स्पष्ट रूप से कहा कि मेडिकल कॉलेज भवन का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देशित किया कि एकेडमिक बिल्डिंग का निर्माण 31 मई 2027 तक तथा ब्वॉयज हॉस्टल, गर्ल्स हॉस्टल, इंटर्न्स मेंस, डीन रेसिडेंसी, एमएस रेसिडेंस, लैब सहित अन्य सभी आवश्यक भवनों का निर्माण 31 मार्च 2027 तक हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में उप मुख्यमंत्री ने निर्माण एजेंसियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे प्रत्येक 15 दिनों की विस्तृत कार्य योजना तैयार कर प्रस्तुत करें और उसी के अनुरूप निर्माण कार्य को गति दें। साथ ही, हर 15 दिन में कार्य प्रगति की रिपोर्ट प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा, जिससे कार्य की नियमित समीक्षा की जा सके।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने निर्माण कार्य की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक शुक्रवार को निर्माण स्थल का निरीक्षण करें और कार्य की वास्तविक प्रगति का आकलन करें। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा या समस्या आती है, तो उसे तत्काल साझा किया जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि शासन स्तर पर हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा, लेकिन निर्माण कार्य निरंतर और निर्धारित गति से जारी रहना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से निर्माण एजेंसी को निर्देश देते हुए कहा कि भवन निर्माण में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी कार्य मानकों के अनुरूप और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि भविष्य में छात्रों और चिकित्सा सेवाओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियों पर विशेष जोर
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जिले में आगामी सत्र से प्रारंभ होने वाले मेडिकल शिक्षा सत्र की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेडिकल कॉलेज प्रारंभ करने के लिए आवश्यक सभी मूलभूत व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में प्रारंभिक सेटअप में कमी नहीं रहनी चाहिए। मेडिकल कॉलेज के सुचारू संचालन के लिए जो न्यूनतम सेटअप आवश्यक होता है, उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना सुनिश्चित करें। उप मुख्यमंत्री ने इन सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करने पर विशेष जोर दिया। बैठक के दौरान उन्होंने मेडिकल स्टाफ और विद्यार्थियों के लिए आवासीय व्यवस्था (रेसिडेंस) के संबंध में भी विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि नियमानुसार कॉलेज और रेसिडेंट्स के आवास के बीच निर्धारित दूरी का पालन किया जाए तथा इसी को ध्यान में रखते हुए आवासीय व्यवस्था विकसित की जाए। उप मुख्यमंत्री शर्मा कहा कि मेडिकल कॉलेज की शुरुआत जिले के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी प्रकार की कमी या समस्या को तत्काल दूर करते हुए सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करें।
मेडिकल कॉलेज संचालन के लिए न्यूनतम सेटअप जल्द पूरा करने के निर्देश
बैठक में अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि आगामी सत्र से प्रारंभ होने वाले मेडिकल शिक्षा सत्र के लिए प्रारंभिक रूप से मेडिकल कॉलेज का संचालन आयुर्वेदिक पॉली क्लिनिक तथा रोजगार एवं उद्योग भवन में किया जाएगा। इसके लिए मेडिकल इक्यूपमेंट की आवश्यकता की जानकारी दी। इस पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सभी आवश्यकताओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपकरणों की उपलब्धता में किसी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि अस्पताल की सुविधाएं मानकों के अनुरूप विकसित हो सकें और मेडिकल शिक्षा के लिए आवश्यक अधोसंरचना पूरी तरह तैयार रहे। उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इन सभी व्यवस्थाओं को समय-सीमा में पूर्ण करते हुए आगामी सत्र से 50 सीटों वाले मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई प्रारंभ की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करते हुए समन्वय बनाए रखें, ताकि विद्यार्थियों को निर्धारित समय पर बेहतर चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके।
मरीजों और परिजनों के लिए भोजन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा करते हुए भोजन व्यवस्था के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों के साथ-साथ उनके परिजनों को भी समुचित भोजन सुविधा उपलब्ध कराना चाहिए। उप मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि अस्पताल परिसर में ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए, जहां मरीजों के परिजनों को सहज और सुलभ रूप से भोजन मिल सके। उन्होंने कहा कि कई बार दूर-दराज से आने वाले परिजन अस्पताल में लंबे समय तक रहते हैं, ऐसे में उनके लिए भोजन की व्यवस्था होना जरूरी है। इसके लिए उन्होंने जीवन दीप समिति को निर्देश दिए कि वे सामाजिक संस्था के साथ समन्वय स्थापित कर परिसर में भोजन केंद्र का संचालन प्रारंभ करें। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश चंद्रवंशी, उपाध्यक्ष जिला पंचायत कैलाश चंद्रवंशी, एमडी सीजी एमएससी रितेश अग्रवाल, कलेक्टर गोपाल वर्मा, अधिष्ठाता डॉ अजय कोशाम, अधीक्षक डॉ सुरेश सिंह ठाकुर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ डी के तूरे सहित मेडिकल और संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
