बस्तर के विकास को मिली नई गति: वन मंत्री केदार कश्यप
जगदलपुर। बस्तर संभाग के नारायणपुर जिले के समग्र विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एनएच-130 डी अंतर्गत गढ़बेंगाल चौक से मानसरोवर बखरूपारा तक लगभग 2 किलोमीटर सड़क के सुदृढ़ीकरण हेतु 11.31 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। यह महत्वपूर्ण सौगात क्षेत्र के विधायक एवं केबिनेट मंत्री केदार कश्यप के सतत प्रयासों और सक्रिय पहल का परिणाम है।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि डबल इंजन सरकार के सहयोग से नारायणपुर सहित पूरे बस्तर क्षेत्र में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिल रही है। इस सड़क सुदृढ़ीकरण कार्य के पूर्ण होने से शहर की यातायात व्यवस्था सुगम और सुरक्षित होगी। साथ ही आम नागरिकों, व्यापारियों और दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। श्री कश्यप ने बताया कि यह मार्ग लंबे समय से मरम्मत और उन्नयन की आवश्यकता महसूस कर रहा था, जिसे अब प्राथमिकता देते हुए स्वीकृति दिलाई गई है। सड़क के बेहतर होने से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी। मंत्री केदार कश्यप ने इस स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी तथा प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया है।
नारायणपुर की नई पहचान: केदार
मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि डबल इंजन सरकार की प्रतिबद्धता है कि अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे। नारायणपुर में सड़कों, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। आने वाले समय में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं जिले को नई पहचान देंगी।
वनमंत्री ने कहा की विष्णुदेव साय सरकार में इस प्रकार के विकास कार्यों से नारायणपुर तेजी से प्रगति के पथ पर अग्रसर होगा और क्षेत्र के नागरिकों का जीवन स्तर बेहतर होगा।
