डॉ. रमन सिंह कर रहे हैं अमित शाह की चाटुकारिता: दीपक बैज
जगदलपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा है कि विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह इन दिनों केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की चाटुकारिता में मगन हैं। चाटुकारिता का आलम यह है अमित शाह की तुलना वे लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल से कर रहे हैं, यह शर्मनाक और सरदार पटेल का अपमान है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को लिखे गए पत्र के संदर्भ में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने दी है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखना पूर्णतः चाटुकारिता को दर्शाता है। रमन सिंह के मुख्यमंत्रित्व के दौरान नक्सलवाद तीन ब्लॉकों से निकल कर 14 जिलों तक फैल गया, और वे बेशर्मी पूर्वक तत्कालीन केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। श्री बैज ने डॉ. रमन सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि केपीएस गिल को ‘वेतन लो, मौज करो’ की सलाह देने वाले डॉ. रमन सिंह ये बताएं कि उनके कार्यकाल में हुए झीरम घाटी नरसंहार का जिम्मेदार कौन है? पीसीसी चीफ ने दीपक बैज ने रमन सिंह द्वारा अमित शाह की तुलना सरदार वल्लभ भाई पटेल से की जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा- कहां सरदार पटेल और कहां अमित शाह? सरदार पटेल ने लोकतंत्र को मजबूत किया, देश की एकता के लिए काम किया था। वहीं अमित शाह विपक्ष को डराने और लोकतंत्र की हत्या करने पर आमादा हैं। सरदार पटेल और अमित शाह में जमीन आसमान का अंतर है। श्री बैज ने कहा कि ऎसी तुलना करके डॉ. रमन सिंह ने सरदार पटेल का अपमान किया है। दीपक बैज ने यह भी कहा कि अपने पत्र में रमन सिंह द्वारा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री के नाम का जिक्र न करना भाजपा नेताओं की गुटबाजी की ओर इंगित करता है।
