खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स 2026: बस्तर में एथलेटिक्स के साथ अनुभवों की सीख


जगदलपुर। 30 मार्च से 2 अप्रैल तक क्रीड़ा परिसर धरमपुरा जगदलपुर में आयोजित खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स 2026 के अंतर्गत एथलेटिक्स स्पर्धाओं का रोमांच चरम पर है। देशभर के 27 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से आए खिलाड़ी जहां मैदान में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं बस्तर में खेल के साथ सीख और प्रेरणा का भी अनूठा माहौल देखने को मिल रहा है।
इसी क्रम में बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा के मार्गदर्शन में एक विशेष खिलाड़ी परिचर्चा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभिन्न राज्यों से आए मेडल विजेता खिलाड़ियों ने बस्तर के स्थानीय खिलाड़ियों के साथ अपने अनुभव साझा किए।
परिचर्चा के दौरान राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों ने अपनी खेल यात्रा, संघर्ष, अनुशासन और सफलता के मंत्र को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास ही सफलता की कुंजी है। बस्तर के खिलाड़ियों ने भी इस अवसर का भरपूर लाभ उठाते हुए खेल से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका मेडल विजेताओं ने सरल और प्रेरणादायक तरीके से उत्तर दिया। कार्यक्रम में खिलाड़ियों के बीच खुला संवाद हुआ, जिससे युवा खिलाड़ियों को अपनी कमियों को समझने और भविष्य की तैयारी को मजबूत करने का अवसर मिला। इस परिचर्चा ने न केवल खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया, बल्कि उन्हें बड़े स्तर पर खेलने के लिए मानसिक रूप से भी तैयार किया।बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा ने कहा,
“खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स 2026 के माध्यम से बस्तर के खिलाड़ियों को देश के श्रेष्ठ खिलाड़ियों के साथ सीखने और प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिल रहा है। इस प्रकार की परिचर्चाएं खिलाड़ियों के आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं और उन्हें बड़े लक्ष्य के लिए प्रेरित करती हैं। हमारा प्रयास है कि बस्तर के युवा खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएं और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित करें। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के संवाद कार्यक्रम खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। इससे उन्हें केवल तकनीकी ज्ञान ही नहीं, बल्कि मानसिक मजबूती और लक्ष्य के प्रति समर्पण की भी सीख मिलती है। बस्तर में आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में जहां एक ओर एथलेटिक्स स्पर्धाएं रोमांच पैदा कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर ऐसे प्रेरणादायक कार्यक्रम इसे और भी विशेष बना रहे हैं। खिलाड़ियों का जोश, दर्शकों का उत्साह और प्रशासन की उत्कृष्ट व्यवस्थाएं मिलकर खेलो इंडिया ट्रायबल गेम्स 2026 को यादगार बना रही हैं।
यह आयोजन न केवल जनजातीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच दे रहा है, बल्कि बस्तर के खिलाड़ियों को देश के श्रेष्ठ खिलाड़ियों से सीखने और आगे बढ़ने का सुनहरा अवसर भी प्रदान कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *