बढ़ते टैक्स को लेकर कांग्रेस नेता फडणवीस का सरकार पर बड़ा हमला


राजनांदगांव प्रदेश में महतारी वंदन योजना को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस के वरिष्ठ सदस्य एवं पूर्व चेयरमैन अशोक फडणवीस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि चुनावी वादों को भूलकर सरकार ने जनता पर टैक्स का बोझ डाल दिया है जिससे गरीब और मध्यम वर्ग आर्थिक संकट से जूझ रहा है।
कांग्रेस के वरिष्ठ सदस्य एवं पूर्व चेयरमैन अशोक फडणवीस ने प्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान किए गए वादों को दरकिनार कर सरकार अब विभिन्न करों के माध्यम से जनता से वसूली कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महतारी वंदन योजना के दबाव में है और इसकी भरपाई के लिए आम जनता पर अतिरिक्त टैक्स थोपे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि निजी और व्यवसायिक भवनों पर संपत्ति कर में डेढ़ से दोगुना तक वृद्धि की गई है जिससे आम नागरिकों पर सीधा आर्थिक बोझ पड़ा है। वहीं भागीरथी योजना के तहत जलकर, जो पहले 700 रुपये था उसे बढ़ाकर 2400 रुपये कर दिया गया है, जो गरीब परिवारों के लिए भारी पड़ रहा है। इसके अलावा रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि और जमीनों की रजिस्ट्री शुल्क में बढ़ोतरी को भी उन्होंने आम जनता के खिलाफ कदम बताया है। कांग्रेस नेता अशोक फडणवीस का कहना है कि इन बढ़ती लागतों के कारण अब आम आदमी का घर बनाने का सपना भी टूटता नजर आ रहा है। श्री फडणवीस ने यह भी आरोप लगाया है कि जमीनों की कीमतों में वृद्धि से बड़े पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है, जिससे किसानों की जमीनें बड़े स्तर पर खरीदी जा सकें। उन्होंने इसे पूंजीवादी सोच करार देते हुए कहा कि इससे आम जनता की कमर टूट गई है। उन्होंने बेरोजगारी के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि प्रदेश में कई विभागों में पद खाली पड़े हैं लेकिन सरकार भर्ती करने में रुचि नहीं दिखा रही। बढ़ती जनसंख्या के अनुपात में रोजगार के अवसर उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं। अंत में उन्होंने कहा कि प्रदेश में ऐसा प्रतीत होता है मानो सरकार नाम की कोई व्यवस्था ही नहीं है और हर वर्ग की जनता परेशान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *