खेती सीजन में डीजल की भारी किल्लत, विधायक विक्रम मंडावी ने किसानों के साथ निकाली विशाल ट्रैक्टर रैली

बीजापुर 22 जून 2026:- मानसून पूर्व खेती-किसानी के कार्य तेज होने वाले हैं, लेकिन बीजापुर जिले में डीजल की भारी कमी और लगातार बढ़ती कीमतों ने किसानों को गहरी चिंता में डाल दिया है।
इस समस्या को लेकर सोमवार को बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने सैकड़ों किसानों के साथ विशाल ट्रैक्टर रैली निकाली और सरकार से तत्काल पर्याप्त डीजल उपलब्ध कराने की मांग की।


रैली नैमेड स्थित नए बस स्टैंड से शुरू हुई। सैकड़ों ट्रैक्टरों की लंबी कतार में शामिल किसान नारेबाजी करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे। रैली का मार्ग विभिन्न डीजल पंपों के सामने से होकर गुजरा, जहां किसानों ने डीजल उपलब्ध कराने की मांग की। अंत में रैली नए बस स्टैंड पर पहुंचकर सभा और धरना प्रदर्शन में परिवर्तित हो गई।
किसानों की पीड़ा
किसानों ने बताया कि पंपों पर पहुंचने पर संचालक पर्याप्त मात्रा में डीजल नहीं दे रहे हैं। इससे खेती-किसानी के कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। किसानों ने कहा, “ट्रैक्टर खरीदने के लिए बैंक से कर्ज लेते हैं। खेती से जो आय होती है, उसी से कर्ज चुकाना होता है। लेकिन डीजल ही नहीं मिलेगा तो खेती कैसे करेंगे और फसल कैसे बोएंगे?” किसानों का यह भी आरोप है कि सरकार एक तरफ डीजल की सप्लाई नहीं कर रही, वहीं दूसरी ओर कीमतों में लगातार बढ़ोतरी कर रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति और खराब हो रही है।
रैली में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए विधायक विक्रम मंडावी ने कहा, “मानसून आ रहा है। किसानों को खेती-किसानी की तैयारियां करनी हैं, लेकिन अभी तक वे डीजल के लिए धक्के खा रहे हैं। सरकार को बिना किसी परेशानी के किसानों को पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराना चाहिए।”


उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यह स्थिति बनी रही तो किसानों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इसके साथ ही विधायक विक्रम मंडावी ने किसानों के साथ मिलकर जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में, जिले के पेट्रोल पंपों पर डीजल की भारी किल्लत है, लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं और किसान खरीफ फसल की जोताई-बुआई नहीं कर पा रहे हैं।
कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में, जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त मात्रा में डीजल उपलब्ध कराये जाने। किसानों को ट्रैक्टरों के लिए पर्याप्त मात्रा में डीजल दिये जाने। आवश्यकता अनुसार किसानों को ड्रमों में डीजल उपलब्ध कराये जाने। कुटरू, गंगालूर, भैरमगढ़, आवापल्ली, बासागुड़ा एवं मद्देड क्षेत्रों में नए पेट्रोल पंप खोले जाने। और वर्तमान में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज नहीं मिल रहे हैं, इसलिए इनकी भी तत्काल व्यवस्था किए जाने की मांग प्रमुखता से की गई है।
इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शंकर कुड़ियम, जिला पंचायत सदस्य नीना रावतिया उद्दे, जिला पंचायत सदस्य लच्छू राम मौर्य, पूर्व जिला पंचायत सदस्य बसंत राव ताटी, सोमरू राम कश्यप, दशरत कुंजाम, ज्योति कुमार, नकुल ठाकुर, पुरुषोत्तम सल्लूर, सुनील उद्दे, पुरुषोत्तम खत्री, के जी सत्यम, रमेश यालम, मंगल राना, सोनू पोटाम, शंकर जुमड़े, मनोज यालम, मनोज अवलम, गीता कमल, बबीता झाड़ी, वीरेंद्र ठाकुर, शैलेश मंडावी, महेश हेमला, एजाज़ सिद्दीकी, विजय पाल शाह मंडावी, अखिलेश उप्पल, रतन कश्यप, लक्ष्मण कड़ती, लक्ष्मण कुरसम और जगदेव यादव सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आये बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *