रेल की राह पर एकजुट कबीरधामः सर्वसमाज का ऐतिहासिक संकल्प, अब विकास की रफ्तार की उम्मीद
कवर्धा,,,27 जुलाई 2026
कटघोरा–कवर्धा–डोंगरगढ़ नई रेल परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने की मांग अब केवल एक संगठन की नहीं, बल्कि पूरे कबीरधाम जिले की सामूहिक जनभावना बन चुकी है। स्थानीय बूढ़ा महादेव मंदिर स्थित संत निवास भवन में आयोजित रेलवे संघर्ष समिति की महत्वपूर्ण बैठक में जिले के विभिन्न समाजों, सामाजिक संगठनों, व्यापारियों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, युवाओं, महिलाओं और जागरूक नागरिकों ने अभूतपूर्व एकजुटता का परिचय देते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि अब क्षेत्र की जनता विकास के इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर पीछे हटने वाली नहीं है।

बैठक के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, बुद्धिजीवियों एवं समिति के सदस्यों ने एक स्वर में विश्वास व्यक्त किया कि वर्ष 2018 में स्वीकृत कटघोरा–कवर्धा–डोंगरगढ़ रेल परियोजना को अब शीघ्र गति मिलनी चाहिए। उनका मानना था कि केंद्र सरकार, राज्य सरकार और रेलवे मंत्रालय क्षेत्र की वर्षों पुरानी जनभावना का सम्मान करते हुए इस परियोजना को प्राथमिकता देंगे।
बैठक में सर्वसम्मति से यह भावना व्यक्त की गई कि यह रेल परियोजना केवल परिवहन का माध्यम नहीं, बल्कि कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मुंगेली तथा आसपास के क्षेत्रों के आर्थिक और सामाजिक विकास की मजबूत आधारशिला है। इससे रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार, उद्योग और पर्यटन के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खुलेंगे।
बैठक की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि जिले के लगभग सभी प्रमुख समाजों और सामाजिक संगठनों ने एक मंच पर आकर इस जनहित अभियान का समर्थन किया। सर्वसमाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के विरोध में नहीं, बल्कि कबीरधाम के समग्र विकास के समर्थन में लोकतांत्रिक और सकारात्मक जनआंदोलन है।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि रेलवे संघर्ष समिति का विस्तार कर प्रत्येक गांव, वार्ड और समाज तक जनजागरण अभियान पहुंचाया जाएगा। सदस्यता अभियान, जनप्रतिनिधियों से संवाद, संबंधित विभागों से तथ्यात्मक जानकारी प्राप्त करने तथा सामाजिक एवं व्यापारिक संगठनों को जोड़कर इस जनआंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान नवगठित भोरमदेव प्रेस क्लब के पदाधिकारियों का सम्मान किया गया। समिति ने सभी प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विकास से जुड़े जनसरोकारों को जनता और शासन तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जनता का स्पष्ट संदेश..
कबीरधाम की जनता विकास चाहती है, टकराव नहीं लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से उठ रही यह मांग अब पूरे जिले की सामूहिक आवाज़ बन चुकी है। यदि शासन-प्रशासन इस जनभावना को गंभीरता से सुने, तो कटघोरा–कवर्धा–डोंगरगढ़ रेल परियोजना क्षेत्र के विकास की नई इबारत लिख सकती है।
