संत गुरु रविदास महाराज का समरसता संदेश विकसित भारत का आधार : जसविंदर बग्गा



कवर्धा,,, भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में मंगलवार को गुरु रविदास महाराज जी के 650वीं जन्म जयंती पर समरसता संकल्प अभियान, घर-घर तिरंगा व तिरंगा यात्रा को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता को सम्बोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज केवल किसी एक समाज के संत नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक हैं। उनके समता, सामाजिक न्याय, सद्भाव और समरसता के विचार आज भी विकसित भारत के निर्माण का मजबूत आधार हैं। उन्होंने बताया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 29 जुलाई 2026 (आषाढ़ पूर्णिमा) से 20 फरवरी 2027 (माघ पूर्णिमा) तक पूरे देश में समरसता संकल्प अभियान चलाया जाएगा l

प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास महाराज के समता, सेवा, सामाजिक समरसता एवं मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को विकसित भारत के संकल्प से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास का मूल भाव भी संत गुरु रविदास महाराज के विचारों से प्रेरित है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत 29 जुलाई को देशभर के मंदिरों में समरसता दीप महोत्सव आयोजित होगा, जिसमें 51 हजार स्थानों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके बाद 29 जुलाई से 10 सितंबर तक कलश वंदन अभियान चलाया जाएगा, जिसके माध्यम से वाराणसी स्थित गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी देशभर के राज्यों, जिलों और मंदिरों तक पहुंचाई जाएगी।
साथ ही 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान, 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से वाराणसी तक गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा तथा 26 नवंबर से 15 जनवरी तक छात्रावास संपर्क अभियान आयोजित किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

बग्गा ने बताया की भाजपा ने अभियान के प्रभावी संचालन के लिए प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर समितियों के गठन तथा मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक जनजागरण चलाने की भी घोषणा की। पार्टी ने संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों से अभियान में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी ने कार्यक्रमों की प्रस्तावना रखते हुए कहा कि कबीरधाम जिले में भी अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर संत गुरु रविदास महाराज के समरसता एवं सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे। उन्होंने जिले के सभी कार्यकर्ताओं एवं आमजन से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

प्रेस वार्ता में महामंत्री मुकेश ठाकुर, जिला प्रवक्ता कांशीराम उइके, अनुसूचित जाति के जिलाध्यक्ष महेंद्र धृतलहरे, मीडिया प्रभारी मोहन कश्यप उपस्थित रहे l

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *