झीरम कांड की साजिश का सच सामने लाने की मांग, अजय सिंह बोले- देवा का हो नार्को टेस्ट
बीजापुर – झीरम कांड को लेकर एक बार फिर मामले की सच्चाई और कथित साजिश का खुलासा करने की मांग उठी है। पूर्व युवा आयोग अध्यक्ष एवं झीरम कांड पीड़ित अजय सिंह ने खुद को घटना का पीड़ित और प्रत्यक्षदर्शी बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। अजय सिंह ने कहा कि झीरम कांड से जुड़े कई सवाल अभी भी अनुत्तरित हैं। घटना के वास्तविक तथ्यों को सामने लाने के लिए मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए।
उन्होंने मांग की कि मामले में संबंधित लोगों से पूछताछ के साथ देवा का नार्को टेस्ट भी कराया जाए, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जांच में मदद मिल सके। अजय सिंह का कहना है कि झीरम कांड की सच्चाई सामने लाने के लिए जांच का दायरा व्यापक किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में उपलब्ध तथ्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों और अन्य साक्ष्यों की निष्पक्ष तरीके से जांच होने पर ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकती है।
अजय सिंह ने जांच एजेंसियों से झीरम कांड से जुड़े तमाम सवालों की दोबारा पड़ताल कर सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
