पैन छत्तीसगढ़ इंटर्न्स की हड़ताल को बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी का पूर्ण समर्थन,भाजपा सरकार तत्काल पूरी करे इंटर्न्स की मांग- सुशील मौर्य
जगदलपुर।
पैन छत्तीसगढ़ इंटर्न्स द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में की जा रही हड़ताल को बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी ने अपना पूर्ण समर्थन दिया है। बस्तर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने वाले इंटर्न्स लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्षरत हैं, लेकिन भाजपा की साय सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नजर नहीं आ रही है।
सुशील मौर्य ने कहा कि कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकार ने इंटर्न्स के मानदेय में 3500 रुपये की वृद्धि कर उनके हित में महत्वपूर्ण कदम उठाया था। इसके विपरीत भाजपा सरकार सत्ता में आने से पहले किए गए अपने वादों को भूलकर सत्ता की लोलुपता में मस्त है। भाजपा ने प्रदेश की जनता और युवाओं से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन आज उन्हीं वादों को पूरा करने से सरकार पीछे हट रही है।वर्तमान समय में महंगाई लगातार बढ़ रही है। ऐसे में इंटर्न्स को मात्र 15,900 रुपये का मानदेय मिलना उनके श्रम और जिम्मेदारियों के साथ न्याय नहीं है। इंटर्न्स दिन-रात अस्पतालों में मरीजों की सेवा करते हैं और स्वास्थ्य व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनकी मेहनत, सेवाभाव और जिम्मेदारियों को देखते हुए मानदेय में उचित वृद्धि किया जाना आवश्यक है।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से हमारी मांग है कि जूनियर डॉक्टरों को वर्तमान में दी जा रही ₹15,900 की इंटर्नशिप राशि को बढ़ाकर ₹30,000 प्रतिमाह किया जाए। देश के अन्य राज्यों की तुलना में छत्तीसगढ़ में इंटर्नशिप राशि काफी कम है। ऐसे में जूनियर डॉक्टरों की मांग पूरी तरह जायज़ है और राज्य सरकार को उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र निर्णय लेना चाहिए.स्वास्थ्य व्यवस्था किसी भी सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होती है। यदि स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े डॉक्टर और मेडिकल छात्र अपनी जायज़ मांगों को लेकर लंबे समय तक आंदोलन करने के लिए मजबूर होते हैं, तो इसका सीधा असर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ सकता है। इसका खामियाजा आम जनता और दूर-दराज से इलाज के लिए अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को भुगतना पड़ सकता है।जो वर्तमान परिस्थितियों और उनके कार्यभार को देखते हुए इनकी मांगे पूरी तरह से न्यायसंगत है। भाजपा की साय सरकार को हठधर्मिता छोड़कर तत्काल इंटर्न्स के प्रतिनिधियों से संवाद करना चाहिए और उनकी मांगों का सकारात्मक एवं सम्मानजनक समाधान निकालना चाहिए।इंटर्न्स की हड़ताल का सीधा असर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है। बस्तर जैसे आदिवासी एवं दूरस्थ क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाएं पहले से ही अनेक चुनौतियों का सामना कर रही हैं। ऐसे में स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी इंटर्न्स के हड़ताल पर जाने से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा की साय सरकार की है, क्योंकि सरकार समय रहते इंटर्न्स की मांगों को गंभीरता से लेकर समाधान निकालने में विफल रही है।
बस्तर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से कर्मचारियों, युवाओं, छात्रों और मेहनतकश वर्ग के अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है। पैन छत्तीसगढ़ इंटर्न्स की जायज मांगों और उनके लोकतांत्रिक आंदोलन को बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी का पूर्ण समर्थन है। उन्होंने भाजपा सरकार से मांग की कि इंटर्न्स के मानदेय में तत्काल उचित वृद्धि की जाए, उनकी सभी जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए और स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित होने से बचाने के लिए शीघ्र समाधान निकाला जाए।सरकार को इंटर्न्स की आवाज को दबाने के बजाय उनकी मेहनत का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री से आग्रह किया कि वे तत्काल हस्तक्षेप करते हुए इंटर्न्स के प्रतिनिधिमंडल से चर्चा करें और उनकी मांगों को पूरा करने की दिशा में ठोस निर्णय लें, ताकि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था सामान्य हो सके और मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने आगे कहा देश और प्रदेश की जनता आज बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और लगातार बढ़ते जीवन-यापन के खर्च से परेशान है। आम आदमी की रसोई का बजट बिगड़ चुका है और परिवारों के लिए रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना लगातार मुश्किल होता जा रहा है। पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का सीधा असर परिवहन से लेकर खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर पड़ रहा है। वहीं, एलपीजी गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों ने गृहणियों की चिंता और बढ़ा दी है। महंगाई के कारण आम परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह प्रभावित हो चुका है, लेकिन भाजपा सरकार जनता को राहत देने के बजाय अपनी उपलब्धियों का प्रचार करने में व्यस्त है।
भाजपा सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने और जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाने के बजाय केवल अपनी वाहवाही लूटने में व्यस्त है। सरकार को प्रचार और राजनीतिक बयानबाजी से बाहर निकलकर जनता की वास्तविक समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। महंगाई से सबसे अधिक प्रभावित आम परिवार और गृहणियां आज सरकार से राहत की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं पर सरकार की चुप्पी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।प्रदेश में स्वास्थ्य व्यवस्था से जुड़े इंटर्न्स लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। इंटर्न्स स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और कठिन परिस्थितियों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनकी मेहनत, समय और जिम्मेदारी का सम्मान करते हुए सरकार को उनकी मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करना चाहिए। लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठाना हर नागरिक का अधिकार है। भाजपा की साय सरकार को इंटर्न्स की आवाज को दबाने के बजाय जल्द से जल्द उनकी मेहनत का सम्मान करते हुए उनकी मांग पूरी करनी चाहिए!
इस दौरान जिला कांग्रेस महामंत्री प्रशांत जैन, नीतीश शर्मा, विजेन्द्र ठाकुर, खीरेंद्र यादव आदि मौजूद रहे …
