नमक की बोरियों के नीचे छिपाकर रखा था 308 किलो गांजा, कोंटा पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा

कोंटा;- कोंटा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 308 किलो 280 ग्राम गांजा सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई मुखबिर की सूचना पर कोंटा-मोटू मुख्य मार्ग स्थित कृष्ण मंदिर चौक, वार्ड क्रमांक 05, ढोंडरा में नाकाबंदी कर की। पुलिस प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, RJ-27-GE-6757 नंबर की पिकअप में गांजा ओडिशा के मलकानगिरी क्षेत्र से राजस्थान ले जाया जा रहा था।

पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो डाले में नमक की बोरियों के नीचे छिपाकर रखे 150 पैकेट गांजा बरामद हुए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिव कुमार प्रजापति (24) और उदय राम बलई (24), दोनों निवासी गाड़रमाल, भोपालगढ़, जिला भीलवाड़ा राजस्थान के रूप में हुई है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 1 करोड़ 54 लाख 14 हजार रुपये बताई गई है, जबकि पिकअप वाहन सहित कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 1 करोड़ 64 लाख 49 हजार 550 रुपये है।

मामले में थाना कोंटा में अपराध क्रमांक 25/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C), 29 में अपराध दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की विवेचना जारी है। कार्रवाई को मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुकमा रोहित शाह ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध परिवहन और तस्करी के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इस मामले में बड़ी मात्रा में गांजा बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *