सुविधाओं की मोहताज गांवों में आ रही है ट्रेन!



कोंटा। सुकमा जिले के कोंटा विकासखंड की गंगलेर ग्राम पंचायत के गंगलेर, सोमलगुड़ा, पोलमपल्ली सहित पंचायत के विभिन्न गांवों में बस्तरिया राज मोर्चा ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी जमीनी समस्याओं को समझा। पूरे दिन ग्रामीणों से चर्चा के दौरान क्षेत्र में बिजली, सड़क, स्कूल, पुल-पुलिया, मोबाइल नेटवर्क, वन अधिकार पट्टा सहित कई मूलभूत समस्याएं सामने आईं।
ग्रामीणों ने बस्तरिया राज मोर्चा के दल को बताया कि आजादी के 80 साल बाद भी पंचायत के कई गांवों में बिजली की सुविधा नहीं पहुंची है। वहीं कई सड़क मार्गों और नालों पर अब तक पुलिया का निर्माण नहीं हुआ है। बारिश के समय नाले पार करने में ग्रामीणों को भारी परेशानी होती है और कई बार जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ता है। सोमलगुड़ा के ग्रामीणों ने सड़क और पुलिया के अभाव की समस्या बताई। जरूरी कामों के लिए उन्हें मजबूरी में तेलंगाना की ओर जाना पड़ता है। वहीं पोलमपल्ली गांव में स्कूल नहीं होने, बिजली, सड़क, वन अधिकार पट्टा, मोबाइल नेटवर्क और नालों पर पुलिया नहीं होने जैसी समस्याएं ग्रामीणों ने रखीं। क्षेत्र में मोबाइल टावर की भी जरूरत बताई गई। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि लंबे समय से इन मूलभूत सुविधाओं की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हुआ है।

रेल लाइन सर्वे पर सवाल
ग्रामीणों के बीच चर्चा के दौरान यह बात भी सामने आई कि गंगलेर पंचायत में रेल लाईन बिछाने के लिए सर्वे कराया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जब गांवों में आज भी बिजली, स्कूल, सड़क और पुलिया जैसी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं, ऐसे समय में बिना ग्रामीणों की मांग के रेल लाइन के सर्वे को लेकर वे चिंतित हैं।

बस्तरिया राज मोर्चा के सवाल
बस्तरिया राज मोर्चा का कहना है कि क्षेत्र में किसी भी बड़े विकास कार्य को लेकर ग्रामीणों की समस्याओं, जरूरतों और उनकी राय को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। पहले वर्षों से चली आ रही मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं का समाधान किया जाए, ताकि गांवों के लोगों को सम्मानजनक जीवन और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।बस्तरिया राज मोर्चा ने सरकार और प्रशासन से गंगलेर पंचायत के सभी गांवों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए बिजली, सड़क, स्कूल, पुल-पुलिया, मोबाइल नेटवर्क और वन अधिकार पट्टा सहित सभी मूलभूत सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने की मांग की है।मोर्चा ने कहा कि पूरे पंचायत क्षेत्र की समस्याओं को ग्रामीणों के बीच जाकर समझा गया है और इन समस्याओं को सरकार एवं प्रशासन के सामने मजबूती से रखा जाएगा। ग्रामीणों की जायज मांगों का जल्द समाधान हो, यही बस्तरिया राज मोर्चा की प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *