सात शहीद भाइयों की एक बहन की अनूठी लगन



सुकमा। रक्षाबंधन पर्व की धूम के बीच सुकमा जिले से दिल को छू लेने वाली खबर सामने आई है। यहां शहीद जवानों की बहनें हर साल नम आंखों से अपने वीरों की प्रतिमाओं को राखी बांधती हैं। यह क्रम पिछले 18 साल से चला आ रहा है।
पूरा वाकिया सुकमा जिले के उस एर्राबोर का है, जो अब से 6-7 माह पहले तक धुर नक्सल प्रभावित था। 19 साल पहले इस गांव के सात भाई एंटी नक्सल ऑपरेशन के दौरान वीरगति को प्राप्त हो गए थे। इनमें से तीन भाई सगे और बाकी चार उनके चचेरे भाई थे। 19 जुलाई 2007 को नक्सली हमले में 24 जवानों की शहादत हो गई थी। इनमें एरार्बोर के रहने वाले तीन सगे भाई स्पेशल पुलिस ऑफिसर थे। उनके चार चचेरे भाई भी अलग-अलग घटनाओं में शहीद हुए थे। इन सभी सातों भाइयों की प्रतिमाएं गांव में स्थापित हैं।सातों शहीद जवानों की इकलौती बहन सुकरी अब हर साल रक्षाबंधन के दिन भाईयों की प्रतिमाओं की कालाइयों पर नम आंखों से राखी बांधती है। इस बहन के दिल में शहीद भाइयों की यादें आज भी जिंदा है। बहन सुकरी हरसाल स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस के मौके पर भी भाइयों को याद करना नहीं भूलती है। इन दोनों राष्ट्रीय पर्वों पर वह प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित करती है और धूप दीप जलाती है। इस साल के रक्षा बंधन पर भी आज सुकरी बाई ने अपने सातों वीरों की कलाईयां सजाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *