मोहब्बत, भाईचारे, इंसानियत और अमन के पैगाम आम करने का आह्वान




जगदलपुर।जश्ने ईद मिलाद-उन-नबी के अवसर पर शहर में मुस्लिम जमात ने जोशो खरोश के जश्ने मोहम्मदी निकाली। इस दौरान विभिन्न चौक -चौराहों में मुस्लिम जमात का स्वागत किया गया। अंजुमन इस्लामिया कमेटी के अनुसार सुबह जामा मस्जिद से जश्न के मोहम्मदी सदर व विभिन्न मस्जिदों के मौलानाओं की उपस्थिति में निकली गई जिसमें बड़ी संख्या में मुस्लिम जमात के लोग उपस्थित थे।

जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर अंजुमन इस्लामिया एडहॉक कमेटी, जगदलपुर एवं कमेटी के सदर डॉ. एस. जहीरूद्दीन ने शहर जगदलपुर सहित समस्त बस्तरवासियों एवं देशवासियों को दिली मुबारकबाद पेश की है।

अंजुमन इस्लामिया एडहॉक कमेटी के सदर डॉ. एस. जहीरूद्दीन ने अपने संदेश में कहा कि ईद मिलादुन्नबी केवल खुशी और जश्न का अवसर नहीं, बल्कि पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद ﷺ की शिक्षाओं को अपने जीवन में उतारने का भी अवसर है। उन्होंने पूरी आवाम से अपील करते हुए कहा कि हम अपने आचरण में मोहब्बत, रहमदिली, इंसाफ, सच्चाई, ईमानदारी और इंसानियत को जगह दें तथा समाज में आपसी भाईचारे और सौहार्द को और मजबूत करें

उन्होंने कहा कि हमारा शहर जगदलपुर हमेशा से गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव की खूबसूरत मिसाल रहा है। यहां विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग मिल-जुलकर रहते हैं। यही हमारी सबसे बड़ी ताकत है और इसे हर हाल में कायम रखना हम सभी की जिम्मेदारी है

डॉ. एस. जहीरूद्दीन ने कहा कि आज जरूरत इस बात की है कि हम धर्म और मजहब की अच्छी शिक्षाओं को अपने व्यवहार में उतारें। किसी जरूरतमंद की मदद करना, भूखे को खाना खिलाना, दुखी के चेहरे पर मुस्कान लाना, पड़ोसी का ख्याल रखना, बुजुर्गों का सम्मान करना और बच्चों को बेहतर तालीम देना—यही इंसानियत की असली खूबसूरती है।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील करते हुए कहा कि युवा देश और समाज की सबसे बड़ी ताकत हैं। वे शिक्षा को अपना हथियार बनाएं, नशे और बुराइयों से दूर रहें, मेहनत और ईमानदारी के रास्ते पर आगे बढ़ें तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।

अंजुमन इस्लामिया एडहॉक कमेटी ने कहा कि जश्ने ईद मिलादुन्नबी का पैगाम नफरत नहीं, मोहब्बत है; दूरी नहीं, भाईचारा है; और बुराई नहीं, इंसानियत एवं भलाई का रास्ता है। हम सभी को मिलकर ऐसा समाज बनाना चाहिए जहां हर व्यक्ति सुरक्षित, सम्मानित और खुशहाल महसूस करे।

*
अंत में अंजुमन इस्लामिया एडहॉक कमेटी, जगदलपुर के सदर डॉ. एस. जहीरूद्दीन ने कहा कि आइए, जश्ने ईद मिलादुन्नबी के इस मुबारक मौके पर हम यह संकल्प लें कि हम अपने शहर की मोहब्बत, भाईचारे और सद्भाव की परंपरा को और मजबूत करेंगे। किसी के दिल को ठेस नहीं पहुंचाएंगे, जरूरतमंद के काम आएंगे और इंसानियत को सबसे ऊपर रखेंगे।” अंजुमन इस्लामिया कमेटी ने प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से मुस्लिम जमात, शहरवासियों, शासन -प्रशासन द्वारा सहयोग करने के लिए आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *