शासकीय शिक्षक के भाजपा प्रवेश पर कांग्रेस अध्यक्ष लालू राठौर का तंज कहा“क्या यही है भाजपा का विकसित भारत एजेंडा?”

बीजापुर
25 सितंबर 2026
जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर के अध्यक्ष लालू राठौर ने शुक्रवार को जारी अपने प्रेस विज्ञप्ति में भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि सरकारी कर्मचारी को पार्टी में शामिल कर भाजपा अपना “विकसित भारत” का एजेंडा साबित कर रही है। उन्होंने भैरमगढ़ के सेवानिवृत्त शिक्षक कृष्ण दत्त राय (के.डी. राय) जिन्हें दिनांक 05/09/2026 को जिला शिक्षा अधिकारी बीजापुर ने अपने एक आदेश के तहत पुनर्नियुक्ति दी गई है उनके भाजपा में शामिल होने के मामले को गंभीर प्रशासनिक अनियमितता बताया है।
लालू राठौर ने कहा कि भैरमगढ़ के माध्यमिक शाला सतवा में प्रधान अध्यापक पद पर कार्यरत कृष्ण दत्त राय 31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बावजूद जिला शिक्षा अधिकारी बीजापुर ने उन्हें उसी पद पर 5 अगस्त 2026 को पुनर्नियुक्ति दे दी। राय 6 अगस्त 2026 को विकासखंड शिक्षा अधिकारी भैरमगढ़ के समक्ष उपस्थित हुए और इस तरह उनकी सेवा पुनः प्रारंभ हो गई। यानी वे एक बार फिर सरकारी कर्मचारी बन गए। इसी सरकारी कर्मचारी ने 22 सितंबर 2026 को भाजपा कार्यालय बीजापुर पहुंचकर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने शिक्षक कृष्ण दत्त राय का गमछा और फूल मालाओं से स्वागत किया और विधिवत भारतीय जनता पार्टी में शामिल कर लिया।
लालू राठौर ने सवाल किया —
“क्या यही भाजपा का विकसित भारत एजेंडा है? सेवानिवृत्त कर्मचारी को दोबारा नौकरी देकर फिर खुलेआम भारतीय जनता पार्टी में शामिल करना क्या ये सब शासन-प्रशासन की मंजूरी से हो रहा है?”
उन्होंने जिला प्रशासन और सरकार से भी पूछा है कि क्या कोई शासकीय सेवक, जिसकी नियुक्ति प्रशासन ने की है, खुलेआम किसी राजनीतिक दल की सदस्यता ग्रहण कर सकता है? यदि हां, तो प्रशासन सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करे। यदि नहीं, तो सिविल सेवा आचरण संहिता के तहत कृष्ण दत्त राय के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई कर उनकी पुनर्नियुक्ति तत्काल प्रभाव से समाप्त की जाए।
लालू राठौर ने इस मामले में प्रशासन की चुप्पी पर भी सवाल उठाया है, उन्होंने कहा कि यह मामला समाचार पत्रों में छपने के बाद भी जिला प्रशासन मौन है, ऐसा क्यों? उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब भाजपा को प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन के संरक्षण में किया जा रहा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रशासन से इस मामले में तुरंत संज्ञान लेने की मांग की है अन्यथा आगामी दिनों में जिला कांग्रेस कमेटी बीजापुर जिले में हो रहे इस तरह के मामले को लेकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *