बीजापुर में दो करोड़ के सोना-चांदी की लूट की कहानी निकली झूठी, कर्ज से बचने के लिए रची थी साजिश

बीजापुर -नेलसनार थाना क्षेत्र के पांडेमुर्गा चौक के पास नेशनल हाईवे-63 पर दो करोड़ रुपये के सोना-चांदी और नकदी की कथित लूट का मामला जांच में फर्जी निकला। गीदम के सोना-चांदी व्यापारी स्वरूप सोनी ने कर्ज से बचने के लिए लूट की मनगढ़ंत कहानी रची थी। पुलिस जांच में व्यापारी के साथ कपड़ा व्यवसायी और वाहन चालक की भूमिका भी सामने आई है।पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को स्वरूप सोनी ने नेलसनार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि वह भैरमगढ़ स्थित अपनी ज्वेलरी दुकान से तूफान वाहन में चालक देवेंद्र ठाकुर और कपड़ा व्यापारी ललित बुरड़ के साथ गीदम लौट रहा था। इसी दौरान शाम करीब 6 बजे पांडेमुर्गा के आसपास जंगल के पास तीन अज्ञात लोगों ने पिस्टल और चाकूनुमा हथियार दिखाकर लगभग दो करोड़ रुपये मूल्य के सोना-चांदी, नकदी और तीन मोबाइल फोन लूट लिए।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने तत्काल तीन विशेष टीमों का गठन किया और सीमावर्ती जिलों एवं राज्य की सीमाओं पर नाकेबंदी के निर्देश दिए। स्वयं पुलिस अधीक्षक पूरे अभियान की निगरानी करते रहे।पुलिस टीमों ने घटना की जांच के दौरान 100 से अधिक CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले तथा करीब 16 घंटे तक लगातार नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश की। इसी बीच कथित रूप से लूटे गए तीनों मोबाइल फोन के लोकेशन के आधार पर उन्हें हाईवे से लगे जंगल में एक ही स्थान पर सुरक्षित और चालू हालत में बरामद किया गया। इस घटनाक्रम से पुलिस को शिकायत की सत्यता पर संदेह हुआ।इसके बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर तीनों कथित पीड़ितों से अलग-अलग पूछताछ की। जांच में सामने आया कि व्यापारी पर काफी कर्ज था और कर्ज चुकाने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। आर्थिक दबाव से बचने के लिए उसने लूट की झूठी कहानी तैयार की तथा इसमें वाहन चालक और साथ मौजूद कपड़ा व्यापारी को भी शामिल किया।पूछताछ के दौरान व्यापारी ने कथित लूट की घटना को मनगढ़ंत बताते हुए स्वीकार किया कि कर्ज से बचने के उद्देश्य से उसने यह कहानी बनाई थी। इस प्रकार पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर कथित दो करोड़ की लूट की घटना का खुलासा किया।

इस पूरी कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल तथा एसडीओपी भैरमगढ़ नवीन एक्का के निर्देशन में तीन अलग-अलग टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनमें बीजापुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश शर्मा, भैरमगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक गिरीश तिवारी और नेलसनार थाना प्रभारी निरीक्षक विवेकानंद पटेल शामिल रहे।पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता ने आम नागरिकों से अपील की है कि पुलिस को कभी भी झूठी सूचना देकर गुमराह करने का प्रयास न करें। झूठी शिकायत देना आपराधिक कृत्य है और ऐसी सूचना देने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *