नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर निकलते बस्तर में विकास की नई राह, बीजापुर पुलिस ने जारी की जनजागरूकता अपील
बीजापुर – नक्सलवाद के प्रभाव से बाहर निकल रहे बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास की नई संभावनाओं को लेकर बीजापुर पुलिस ने जनजागरूकता की पहल की है। पुलिस अधीक्षक उमेश गुप्ता के मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा विभिन्न विषयों पर जागरूकता संदेश जारी कर ग्रामीणों को विकास की मुख्यधारा से जुड़ने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की जा रही है।

जिला पुलिस द्वारा जारी इन संदेशों में स्पष्ट किया गया है कि सुरक्षित सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि अस्पताल, स्कूल, बाजार और आपातकालीन सेवाओं तक पहुंच का आधार हैं। वर्षों से हिंसा और असुरक्षा के कारण प्रभावित रही शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने, प्रत्येक बच्चे तक किताबें पहुंचाने, नियमित स्कूल संचालन, शिक्षकों की उपलब्धता और बच्चों के सुरक्षित आवागमन पर विशेष जोर दिया गया है।
इसी तरह जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों के संरक्षण, वन उपज का उचित मूल्य दिलाने, स्थानीय हाट-बाजारों तक पहुंच बढ़ाने तथा महुआ, इमली, तेंदूपत्ता, चार, सालबीज और अन्य वनोपज के माध्यम से ग्रामीणों की आजीविका मजबूत करने का संदेश दिया गया है। महिला स्व-सहायता समूहों, स्थानीय उद्यमिता और युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल प्रशिक्षण के अवसरों को भी विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताया गया है।
पुलिस की अपील में आत्मसमर्पण कर चुके पात्र व्यक्तियों के पुनर्वास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। पुनर्वास नीति के तहत सहायता, कौशल प्रशिक्षण, स्वरोजगार, रोजगार के अवसर, शिक्षा एवं परामर्श के माध्यम से उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने और समाज में दोबारा जुड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। वहीं माओवादी हिंसा, बारूदी सुरंगों और विस्फोटों से प्रभावित नागरिकों एवं सुरक्षाकर्मियों के परिवारों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए घायलों के उपचार, पुनर्वास, सामाजिक सहयोग और सम्मानजनक जीवन को प्राथमिकता देने की बात कही गई है।
जिला पुलिस ने ग्रामीणों से ग्रामसभा, पंचायत और अन्य लोकतांत्रिक संस्थाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा है कि प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने, सवाल पूछने और शांतिपूर्ण तरीके से शिकायतों के समाधान का अधिकार है। किसी भी विचारधारा या राजनीतिक उद्देश्य के लिए निर्दोष लोगों की जान को खतरे में डालना, हथियार, विस्फोट और हिंसा का रास्ता अपनाना समाज के हित में नहीं है। असहमति और समस्याओं का समाधान लोकतांत्रिक एवं कानूनी तरीकों से किया जाना चाहिए।इसके साथ ही पुलिस ने संदिग्ध वस्तु, बारूदी सुरंग या विस्फोटक सामग्री दिखाई देने पर उसे छूने से बचने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने और तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की है। ग्रामीणों तक योजनाओं, पुनर्वास, दस्तावेज, शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और अन्य प्रशासनिक सेवाओं की जानकारी पहुंचाने के लिए सेवा डेरा जैसी पहल को भी महत्वपूर्ण बताया गया है।
बीजापुर पुलिस का संदेश है कि बंदूक नहीं, किताब; हिंसा नहीं, विकास; भय नहीं, विश्वास और संघर्ष नहीं, संवाद ही बस्तर के उज्ज्वल भविष्य का आधार बन सकते हैं। पुलिस ने आम नागरिकों से शांति, सुरक्षा और विकास की इस प्रक्रिया में सहभागी बनने तथा किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 पर संपर्क करने की अपील की है।
