वनांचल क्षेत्र बोड़ला के 113 महिलाओं का निःशुल्क सोनोग्राफी और 121 मरीजों की हुई एनसीडी जांच, 253 मरीजों का हुआ ओपीडी पंजीयन

कवर्धा,,,29 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा के निर्देश पर विकासखंड बोड़ला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में विशाल मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की सुविधा उपलब्ध कराई गई। शिविर में 253 मरीजों का ओपीडी पंजीयन किया गया। वहीं 113 महिलाओं की निःशुल्क सोनोग्राफी, 121 मरीजों की एनसीडी जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधाएं प्रदान की गईं।
शिविर का शुभारंभ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटिल, जनपद अध्यक्ष श्रीमती बालका रामकिंकर वर्मा, छोटू निर्मलकर, दुर्गेश वर्मा, सभापति श्री संदीप गुप्ता एवं नरेश चंद्रवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे ने उपस्थित जनसमुदाय एवं मेडिकल कॉलेज से आए छात्र-छात्राओं को विकसित भारत की परिकल्पना तथा सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं, सैकड़ों मरीज हुए लाभान्वित

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी. के तुरे एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती अनुपमा तिवारी के निर्देशानुसार जिले के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने शिविर में अपनी सेवाएं दीं। चिकित्सकों द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक जांच की गई तथा जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। शिविर में महिलाओं, बुजुर्गों सहित विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।

शिविर में मिली विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं

मेगा स्वास्थ्य शिविर में कुल 253 मरीजों का ओपीडी पंजीयन हुआ। इसके अलावा 27 हितग्राहियों के आयुष्मान वय वंदन कार्ड, 121 मरीजों की एनसीडी जांच, 113 महिलाओं की निःशुल्क सोनोग्राफी एवं महिला विशेषज्ञ चिकित्सक से जांच, 110 मरीजों की पैथोलॉजी जांच, 55 मरीजों की नेत्र रोग जांच, 35 मरीजों की दंत रोग जांच, 35 मरीजों की अस्थि रोग जांच, 30 मरीजों की क्षय रोग जांच तथा 22 मरीजों की एक्स-रे जांच की गई। शिविर में 125 लोगों को अन्य स्वास्थ्य जांच एवं उपचार की सुविधा मिली। इस दौरान 15 लोगों ने रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्धता में अपना योगदान दिया।

स्वास्थ्य अमले के सहयोग से सफल हुआ आयोजन

मेगा स्वास्थ्य शिविर के सफल संचालन में विकासखंड के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम सिंह राजपूत, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सा अधिकारी, शिव गोपाल ठाकुर, बीपीएम, बीटीओ, ग्रामीण चिकित्सा सहायक, सेक्टर सुपरवाइजर, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, मेडिकल लैब टेक्नोलॉजिस्ट, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक, महिला एवं पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ता, कार्यालयीन कर्मचारी तथा समस्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा। शिविर के माध्यम से बोड़ला क्षेत्र के नागरिकों को विभिन्न विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हुईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *