मर्यादा और कर्तव्य का संदेश देता है भगवान श्रीराम का चरित्र: अनिला भेड़िया



डौंडी। भगवान श्रीराम का चरित्र सिखाता है कि हमें विकट से विकट परिस्थिति में भी अपने कर्तव्यों और मर्यादा का त्याग नहीं करना चाहिए। हर विषम परिस्थिति में हमें मर्यादित रहकर कर्मशील बने रहना चाहिए।
उक्त बातें डौंडीलोहारा विधायक एवं पूर्व केबिनेट मंत्री अनिला भेंडिया ने ग्राम मंगलतराई व ग्राम आमाडूला में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के आसंदी से कही।आदिवासी बाहुल्य विकासखंड डौंडी के वनांचल में स्थित ग्राम पंचायत मंगलतराई व ग्राम पंचायत आमाडूला में आयोजित रामायण प्रतियोगितामें क्षेत्रीय विधायक अनिला भेंडिया पहुंची थीं। जहां ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत व सम्मान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनिला भेंडिया ने कहा कि रामायण हमें यह सिखाता है कि धर्म व सत्य के मार्ग पर चलने वाले की अंततः विजय होती है। वहीं रामायण हमें हमेशा अपने माता पिता का सम्मान करना और उनके आदेश का पालन करना सिखाता है। इसी तरह रामायण हमें आपस में प्यार और पारिवारिक प्रेम का पाठ पढ़ाता है।विधायक अनिला भेंडिया ने ग्रामीणों का नवरात्रि व दशहरा पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए मातारानी से सभी के जीवन में खुशहाली एवं सुख शांति लाने और आपसी भाईचारे की भावना को प्रबल करने की कामना की। कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत मंगलतराई के ग्रामीणों ने विधायक को मांग पत्र सौपते हुए, जिस स्थल पर गांव मे रामायण व अन्य कार्यक्रम आयोजित होते हैं उक्त जगह पर सीसी रोड निर्माण की मांग की, जिस पर विधायक अनिला भेंडिया ने अपनी निधि से 10 लाख रुपए की घोषणा करते हुए, सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। वहीं ग्राम पंचायत आमाडूला के ग्रामीणों की मांग पर विधायक नें गांव में डोम शेड निर्माण की घोषणा करते हुए, उक्त कार्य का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रुप में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिवप्रसाद बारला, विधायक प्रतिनिधि पीयूष सोनी, जनपद सदस्य पुनीत राम सेन, जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री कोमेश कोर्राम, जनपद पंचायत डौंडी की पूर्व अध्यक्ष बसंती दुग्गा, जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव कैलाश राजपूत सहित गांव के सरपंच, पंच व ग्रामीण जन उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *