दिल्ली बेंगलुरु की टीम ने सराहा सरपंच संतोष कश्यप के एजुकेशन मॉडल को



बकावंड। अटल समरसा भवन बकावंड में शिक्षा समिति की विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मुख्य रूप से दिल्ली एवं बेंगलुरु से आई हुई शिक्षा विभाग की विशेष टीम के सदस्य, विकासखंड शिक्षा अधिकारी चंद्रशेखर यादव, संकुल समन्वयक एवं समस्त सरपंच उपस्थित थे। बैठक में ग्राम पंचायत छोटे देवड़ा से सरपंच संतोष कुमार कश्यप भी उपस्थित रहे।
इस खास बैठक में चर्चा बकावंड ब्लॉक में शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने के संदर्भ में दिल्ली-बेंगलुरु की टीम ने प्रेजेंटेशन दिया। सरकारी स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने एवं ड्रॉपआउट रोकने के उपायों पर चर्चा हुई। डिजीटल शिक्षा एवं स्मार्ट क्लास को गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। इस दौरान सरपंच संतोष कुमार कश्यप ने अपने विचार रखते हुए जानकारी दी कि हमारी पंचायत छोटे देवड़ा में हमने दिनांक 15 अक्टूबर से निःशुल्क कोचिंग क्लास शुरू की है। यदि हर पंचायत में जनप्रतिनिधि ऐसी पहल करें और स्कूल शिक्षकों के साथ मिलकर काम करें, तो बकावंड ब्लॉक पूरे बस्तर में शिक्षा के मामले में नंबर वन बन सकता है। पंचायत भवन को शाम के समय लाइब्रेरी के रूप में उपयोग करने का प्रस्ताव भी रखा गया। टीम द्वारा सरपंच संतोष कुमार कश्यप की पहल और इस सुझाव की सराहना की गई और इसे मॉडल के रूप में अन्य पंचायतों में लागू करने की बात कही गई। बैठक में सभी ने शिक्षा स्तर सुधारने का संकल्प लिया। दिल्ली और बेंगलुरु से आई टीम ने बस्तर में शिक्षा की वर्तमान स्थिति और उसे बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे नवाचारों पर चर्चा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *