महारानी अस्पताल में भोजन का महाघोटाला



–अर्जुन झा-
जगदलपुर। बस्तर जिले के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल महारानी जिला चिकित्सालय जगदलपुर में मरीजों के भोजन के नाम पर महाघोटाला चल रहा है। मेनू के अनुसार मरीजों को भोजन नहीं दिया जाता। यहां सिर्फ चावल दाल ही परोसी
जाती है, सब्जी कभी दी ही नहीं जाती। दाल इतनी पतली होती है कि उसे देख पानी भी शर्मसार हो जाए। अंडे परोसने का प्रावधान है मगर अंडे कभी कभार ही दिए जाते हैं, वह भी शायद मुर्गी के नहीं, बल्कि किसी अन्य पक्षी के होते हैं। मरीजों के मुताबिक मुर्गी के अंडे सामान्य तौर पर सफेद या भूरे रंग के होते हैं, मगर अस्पताल में परोसे जाने वाला अंडा रंगीन होता है। मरीजों को भोजन के आलावा नाश्ते में पोहा और दूध देने का प्रावधान है, मगर पोहा कभी कभी ही नसीब होता है। दूध तो कभी दिया ही नहीं जाता।
जगदलपुर स्थित महारानी जिला अस्पताल घोटालों का केंद्र बन गया है। यहां आवास घोटाला हाल ही में उजागर हुआ था। अब भोजन घोटाला भी सामने आ गया है। मरीजों को मिलने वाले भोजन को लेकर मीनू तो चस्पा किया गया है, मगर सच्चाई यह है कि अस्पताल में भर्ती मरीजों के अनुसार मेनू सिर्फ दिखाने के लिए चस्पा किया गया है। हकीकत तो यह है कि यहां मरीजों को चावल दाल के अलावा कोई भी सब्जी नहीं परोसी जाती है। नाश्ते में पोहा के साथ कुछ अन्य पूरक आहार भी नहीं दिया जाता है। नाश्ते में पोहा और दूध परोसने की सरकारी व्यवस्था है, मगर सिर्फ पोहा देकर मामला निपटा लिया जाता है। मरीजों को कभी दूध नहीं दिया जाता। वहीं भोजन के नाम पर सिर्फ पका हुआ चावल या उसका पेज पसिया और दाल ही दी जाती है। सब्जी का कहीं अता पता नहीं रहता। दाल बेहद पतली रहती है। दाल इस कदर पतली रहती है कि उसे देखकर पानी भी शर्मा जाए। भोजन में अंडे परोसने का भी प्रावधान है, मगर मरीजों को कभी अंडे दिए ही नहीं जाते। कभी कभार अंडे परोसे भी जाते हैं, तो इतने छोटे आकार वाले और रंगीन होते हैं। मरीजों का कहना है कि ये अंडे मुर्गियों के बजाय किसी दूसरे पक्षी के होते हैं। बड़ी बात तो यह है कि जो मरीज राजनैतिक पहुंच वाले किसी सरकारी अधिकारी से संबंधित होते हैं, उन्हें भरपूर सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। भुक्तभोगी मरीजों के अनुसार जेलों में जो मीनू बंदियों हेतु बनाई गई है, लगभग उसी तरह की कुछ व्यवस्था महारानी जिला अस्पताल में मरीजों के लिए की गई है। मेनू चार्ट में लिखा कुछ है, मगर दिया कुछ और जा रहा है। भोजन के नाम पर मरीजों को चावल का पसिया यानि पेज और रंगीन अंडा परोसा जा रहा है, दाल के नाम पर पानी दिया जा रहा है। सब्जी की हालत ऎसी होती है कि उसे जानवर भी न खाए। मरीजों को दूध तो दिया ही नहीं जाता। जो पहुंच वाले मरीज होते हैं, उन्हें जरूर स्तरीय भोजन दिया जाता है। मरीजों का कहना है कि अस्पताल प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी यहां की नाश्ता भोजन व्यवस्था पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *