स्वाधीनता संग्राम एवं राष्ट्र के नवनिर्माण में जनजातीय समाज का योगदान अतुलनीय-सांसद संतोष पाण्डेय

कवर्धा,,,18 नवंबर 2026। राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि स्वाधीनता संग्राम, राष्ट्र निर्माण और समाज के नवनिर्माण में जनजातीय समाज का योगदान अतुलनीय एवं अद्वितीय है। जनजातीय समाज का इतिहास त्याग, तपस्या, संघर्ष और बलिदान की गौरवगाथाओं से भरा हुआ है। देश की स्वतंत्रता और संस्कृति की रक्षा के लिए जनजातीय समाज के वीर महापुरुषों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। सांसद पाण्डेय आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालय कवर्धा के पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में आयोजित जनजातीय गौरव महोत्सव को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंडरिया विधानसभा क्षेत्र की विधायक भावना बोहरा ने की। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, जनजाति गौरव समाज के प्रदेश सचिव राजेश छेदावी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य काशीराम उइके, मोती बैगा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित थे। प्रशासन की ओर से अपर कलेक्टर नरेंद्र पैकरा, एसडीएम चेतन साहू, ड्यूटी कलेक्टर शिल्पा देवांगन, सहायक आयुक्त लक्ष्मी पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, समाज प्रमुख एवं बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के नागरिक शामिल हुए।

सांसद संतोष पाण्डेय ने भगवान बिरसा मुंडा, तिलका मांझी, शहीद गुंडाधुर, शहीद वीर नारायण सिंह और शहीद गैंद सिंह नायक सहित जनजातीय समाज के अनेक महान स्वतंत्रता सेनानियों के अमर बलिदान और संघर्षपूर्ण जीवन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब-जब राष्ट्र और समाज के सामने संकट आया, तब-तब जनजातीय समाज के वीर सपूतों ने साहस और पराक्रम के साथ चुनौतियों का सामना किया। इन महापुरुषों ने अपनी मातृभूमि, संस्कृति, परंपरा और समाज की अस्मिता की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष किया और अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की अल्पायु में जनजातीय समाज के मान-सम्मान, अधिकारों और संस्कृति की रक्षा के लिए अंग्रेजों के विरुद्ध ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका जीवन और बलिदान केवल जनजातीय समाज ही नहीं, बल्कि संपूर्ण देश के लिए प्रेरणा का स्रोत है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान एवं पहचान दिलाने का कार्य किया जा रहा है।

सासंद पाण्डेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना सहित केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से जनजातीय बाहुल्य क्षेत्रों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। कबीरधाम जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ में जनजातीय समुदाय के जीवन स्तर को बेहतर बनाने और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जनजातीय समाज सहित जिलेवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय समाज के महान महापुरुषों का त्याग, संघर्ष और बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। इन महापुरुषों ने अपने अधिकारों, संस्कृति और समाज की पहचान की रक्षा के लिए अदम्य साहस का परिचय दिया। विधायक बोहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कुशल नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रही है। सरकार की विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य जनजातीय समुदाय को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, स्वरोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। उन्होंने समाज के लोगों से शासन की योजनाओं का लाभ उठाने और शिक्षा के माध्यम से आने वाली पीढ़ी का भविष्य उज्ज्वल बनाने का आह्वान किया।

जनप्रतिनिधियों ने जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी

समारोह को जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे ने भी संबोधित किया। उन्होंने जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान और सामाजिक विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनजातीय समुदाय के उत्थान के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए समाज के लोगों से इनका अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

समाज प्रमुखों, प्रतिभाओं एवं मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

जनजातीय गौरव महोत्सव के अवसर पर समाज सेवा, सामाजिक उत्थान एवं जनजातीय समाज के विकास में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाज प्रमुखों एवं प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। अतिथियों द्वारा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विदेशी राम धुर्वे, जनजाति गौरव समाज के प्रदेश सचिव राजेश छेदवी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य काशीराम उइके सहित अन्य समाज प्रमुखों का सम्मान किया गया। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

जनजातीय संस्कृति की रंगारंग प्रस्तुतियों ने मोहा मन

कार्यक्रम में जनजातीय कलाकारों एवं स्कूली विद्यार्थियों द्वारा जनजातीय संस्कृति, परंपरा और लोकजीवन पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। पारंपरिक वेशभूषा, लोकनृत्य और लोकगीतों के माध्यम से कलाकारों ने जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। जनजातीय गौरव महोत्सव ने समाज के गौरवशाली इतिहास, वीर महापुरुषों के बलिदान, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *