होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट में फूड सेफ्टी टीम की लगातार दबिश
जगदलपुर। नियंत्रक, आयुक्त खाद्य सुरक्षा, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार बस्तर जिले में 16 से 30 नवंबर तक “सुरक्षित आहार, हमर अधिकार विशेष सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, कैंटीन, केटरिंग सेवाओं, एवं अन्य खाद्य सेवा प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के तहत 19 नवंबर को खाद्य सुरक्षा विभाग बस्तर जिले की टीम द्वारा होटल एंबिशन, एनएच 30 आसना जगदलपुर का निरीक्षण कर ओनियन ग्रेवी, टोमेटो ग्रेवी और काजू मगज पेस्ट के तीन नमूने तथा होटल ग्रांड शिल्पी इंटरनेशनल सिंधु भवन के सामने जगदलपुर से टोमेटो सूप एवं सेजवान सॉस के नमूने लिए गए। इन नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।होटल संचालकों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने निर्देशित किया गया। खाद्य पदार्थों को अखबारी कागज में न परोसने एवं स्टाफ को हेडगियर, एप्रॉन पहनने की समझाईस दी गई ।
यह कार्रवाई पूनम कुंजाम कांडे, अभिहित अधिकारी, खाद्य एवं औषधि प्रशासन जिला बस्तर के मार्गदर्शन में अंकित गुप्ता वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, पंकज कुमार नाग खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं नंदकिशोर हिरवानी नमूना सहायक की संयुक्त टीम द्वारा की जा रही है। यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
