बीजापुर पौधारोपण पर प्रशासन का स्पष्टीकरण भ्रामक और अधूरा, आँकड़ों के पीछे सच्चाई छुपाने का प्रयास: विक्रम मंडावी
बीजापुर-25/11/2026 -बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि VB-G-RAM-G योजना के तहत पौधारोपण को लेकर प्रशासन द्वारा जारी स्पष्टीकरण “भ्रामक, अधूरा और आँकड़ों का खेल” है। यह जवाब मूल आरोपों का खंडन नहीं करता, बल्कि सच्चाई को आँकड़ों के पीछे छुपाने का एक प्रयास है।
अपने प्रेस विज्ञप्ति में विधायक विक्रम मंडावी ने कहा कि प्रशासन ने ₹16.73 करोड़ को “तीन वर्ष की स्वीकृत कार्ययोजना” बताकर बचने की कोशिश की है। लेकिन यह स्वीकारोक्ति स्वयं सिद्ध करती है कि इतनी बड़ी राशि बिना ठोस योजना और पारदर्शिता के स्वीकृत कर दी गई। यदि योजना तीन वर्ष की थी, तो इतना बड़ा प्रचार-प्रसार और त्वरित क्रियान्वयन का दावा क्यों किया गया?
उन्होंने प्रशासन के आँकड़ों पर सवाल उठाते हुए कहा- 25,533 पौधों के रोपण का दावा केवल कागजों तक सीमित है। आज तक रोपण स्थलों की पूरी सूची, जियो-टैग फोटो, भौतिक सत्यापन रिपोर्ट और जीवित पौधों की वास्तविक संख्या सार्वजनिक नहीं की गई है। जमीन पर पौधे कहाँ हैं, यह दिखाना प्रशासन की जिम्मेदारी है, आँकड़े गिनाना नहीं।
₹2.42 करोड़ के व्यय में से ₹1.82 करोड़ मजदूरी बताई जा रही है। यदि पौधे नहीं लगे या बहुत कम लगे, तो इतने मानव दिवस किस कार्य के लिए बनाए गए? मजदूरी की सूची, कार्य स्थल और उपस्थिति रजिस्टर तुरंत सार्वजनिक किए जाएँ।
सामग्री पर ₹59 लाख खर्च होने के बावजूद पौधों का स्रोत, प्रति पौधे की वास्तविक कीमत, ट्री गार्ड, वर्मी कम्पोस्ट और उर्वरकों की दरें आज भी अस्पष्ट हैं। आंध्र प्रदेश के राजमहेंद्रि से खरीदी का आरोप का अब तक कोई जवाब नहीं आया है और न ही खंडित नहीं हुआ है।
CLF के माध्यम से खरीदी का हवाला देकर जिला पंचायत अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकती। क्रियान्वयन एजेंसी बनाने का अर्थ यह नहीं कि निगरानी और जवाबदेही खत्म हो जाए।
विधायक मंडावी ने कहा कि प्रशासन का “काम चल रहा है” वाला जवाब पल्ला झाड़ने वाला है। जब 74 हजार पौधों और 16.73 करोड़ की स्वीकृति का इतना बड़ा प्रचार हुआ, तो आंशिक और अस्पष्ट जवाब स्वीकार नहीं किया जा सकता।
विधायक विक्रम मंडावी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मांग की है कि:-
VB-GRAMG के तहत किए गए पौधा रोपण स्थलों का तत्काल स्वतंत्र भौतिक सत्यापन कराया जाए।
जियो-टैग फोटो, बिल, भुगतान आदेश और CLF के सभी दस्तावेज तत्काल सार्वजनिक किए जाएँ।
पौधों की खरीदी का स्रोत, दरें और आपूर्तिकर्ताओं की पूरी जानकारी सार्वजनिक किया जाए।
साथ ही विषयक विक्रम मंडावी ने अपने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहा है कि पौधे कहां से लिए गए और प्रत्येक पौधे की कीमत क्या है, CLF को पौधे खरीदने के लिए किस मद से राशि दी गई है, बीजापुर जिले के CLF ने कौन कौन से स्थलों से कितना कितना पौधा किन किन दरों में खरीदी की है इसकी जानकारी भी प्रशासन उपलब्ध कराए। उन्होंने आगे यह भी कहा कि पौधा रोपण के लिए जो खाद लिया गया है वह खाद पौधे में कब डाला गया है, क्या पौधा रोपड़ के लिए संबंधित ग्राम पंचायतों से सहमति ली गई थी?, क्या बीजापुर जिले में VB- G RAM G योजनांतर्गत पौधा रोपण के लिए छत्तीसगढ़ शासन और केंद्र सरकार से अनुमति ली गई थी?, क्या VB- G RAM जी योजना में पौधा रोपण हेतु पौधे लेने की प्रक्रिया में सरकारी एवं VB- G RAM G योजना के नियम एवं मापडंडों का पालन हुआ है ?, क्या VB- G RAM G में किसी कार्य को तीन वर्ष के लिए स्वीकृत किया जा सकता है? यदि ऐसा है तो इसके संबंध में दस्तावेज सार्वजनिक किया जाये?, सरकारी योजनाओं में पौधा उद्यान विभाग या सरकारी नर्सरी से ही लेने की अनिवार्यता है तो फिर पौधा कैसे दूसरे राज्यों से खरीदा जा रहा है?, CLF ने पौधों की खरीदी हेतु किस किस से और कितने कोटेशन मंगवाये है इसकी जानकारी अब तक सार्वजनिक क्यों नहीं किया गया है?, ग्राम पंचायत जांगला और ग्राम पंचायत इतामपार में ही 12 हजार से अधिक पौधे क्यों लगाये जाने की स्वीकृति क्यों दी गई है जिले के अन्य पंचायतों में इतनी बड़ी मात्रा में पौधे लगाने जाने की स्वीकृति क्यों नहीं दी गई है?, विधायक विक्रम मंडावी ने अपने विज्ञप्ति में यह भी कहा है कि प्रशासन ने जानबूझकर 40 हज़ार और 50 हज़ार के बीच ही पौधे और खाद व अन्य सामग्री की ख़रीदी की है ताकि भ्रष्टाचार करने के लिए टेंडर प्रक्रिया से बचा जा सके और एक ही काम को कई टुकड़ों में बांटा जा सके जिससे भ्रष्टाचार और अधिक पुख्ता हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कार्ययोजना तीन वर्षों के लिए है तो प्रथम वर्ष का उपयोगिता प्रमाण पत्र (U/C) एवं मापन पुस्तिका (M/B) कहां है यदि MB पुस्तिका नहीं है तो भुगतान जैसे किया गया MB को सार्वजनिक किया जाये। ये ऐसे सवाल है जिनका जवाब प्रशासन ने नहीं दिया है उन्होंने प्रशासन से इन सवालों के जवाब अपने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से मांगे।
विधायक विक्रम मंडावी ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से यह भी कहा कि कागजी आँकड़ों से सच्चाई नहीं छुपाई जा सकती। जनता बहाने नहीं, जवाबदेही चाहती है।
