बड़ेपल्ली के जंगल में माओवादी डम्प से 39 लाख 77 हजार रुपये नगद बरामद

बीजापुर – जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़ेपल्ली के जंगलों में सुरक्षा बलों ने माओवादी डम्प से 39 लाख 77 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। यह राशि जमीन के अंदर स्टील के डिब्बे में छिपाकर रखी गई थी।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर 2026 को ग्राम बड़ेपल्ली के जंगल में संदिग्ध सामग्री छिपाकर रखे जाने की मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ऑप्स) रविन्द्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस भैरमगढ़ नवीन कुमार एक्का के नेतृत्व में डीआरजी, थाना भैरमगढ़ पुलिस एवं बीडीएस टीम ने संयुक्त रूप से सर्चिंग अभियान चलाया।अभियान के दौरान बीडीएस टीम द्वारा डिमाइनिंग एवं तलाशी की कार्रवाई में जमीन के अंदर बोरी में रखा एक स्टील का डिब्बा बरामद किया गया। डिब्बे के अंदर टेप से लिपटे पैकेट रखे हुए थे। जांच करने पर पैकेटों में 500-500 रुपये के नोटों के रूप में कुल 39 लाख 77 हजार रुपये नगद मिले।बरामद राशि के संबंध में थाना भैरमगढ़ में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी सुरक्षा बलों द्वारा विभिन्न माओवादी डम्प से 7 करोड़ 60 लाख 33 हजार 800 रुपये नगद एवं 8.5 किलोग्राम सोना बरामद किया जा चुका है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों को माओवादी नेटवर्क के आर्थिक संसाधनों पर बड़ी चोट के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *