फर्जी बिलों से सुशासन सरकार को चूना
बकावंड। साय सरकार के सुशासन को बकावंड विकासखंड की कुछ ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की चौकड़ी जमकर चूना लगा रही है। बगैर काम कराए ही लाखों के वारे न्यारे किए जा रहे हैं। ऐसा ही बड़ा मामला विकासखंड की ग्राम पंचायत मैलबेड़ा से सामने आया है, जहां भ्रष्टाचार की सारी हदें पार कर दी गईं हैं।
मेलबेड़ा के ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में फर्जी बिलों के जरिए आहरण कर सरकारी पैसे का खुला दुरुपयोग किया जा रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि सिर्फ सरपंच-सचिव पर ही नहीं, बल्कि फर्जी बिल लगाने वाले ठेकेदारों और तथाकथित सामग्री आपूर्तिकर्ताओं पर भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, जिन्होंने बिना काम कराए फर्जी बिल दिए और पैसा रिसीव किया है।
कंस्ट्रक्शन के नाम पर खेल
ग्रामीणों के मुताबिक नल बनाने, नाली सफाई, नाली निर्माण, हैंडपंप मरम्मत और अधबने शौचालय की मरम्मत के नाम पर फर्जी बिल लगाकर लाखों रुपए निकाल लिए गए हैं।आरोप है कि कंस्ट्रक्शन करने वालों ने बिना काम कराए ही बिल बना दिया। कागजों में काम पूरा दिखा दिया, बिल लगा दिया, और पैसा भी ले लिया। लेकिन मौके पर जाकर देखो तो सब काम अधूरा है। ग्रामीण पूछ रहे हैं कि बिना काम के बिल कैसे बन गया? बिना काम के भुगतान कैसे हो गया? इसमें सरपंच-सचिव और कंस्ट्रक्शन वाले की मिलीभगत है।
नल, नाली, आंगनबाड़ी शौचालय सब अधूरे
गांव के कई हैंडपंप और नल आज भी खराब पड़े हैं। नालियां गंदगी से अटी पड़ी हैं। सार्वजनिक शौचालय आज तक अधूरा पड़ा है। नारी निर्माण का काम भी अधूरा है। लेकिन रजिस्टर में सब काम पूरा है, सब बिल क्लीयर है। इतने भ्रष्टाचार के बाद भी सरपंच-सचिव को जरा भी खौफ नहीं है। सरकारी पैसा का दुरुपयोग करने में उन्हें कोई डर नहीं लग रहा। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत करने पर भी कोई सुनवाई नहीं होती।
लखेश्वर कश्यप ने खोला मोर्चा
आदिवासी समाज के युवा जिला अध्यक्ष लखेश्वर कश्यप ने कहा है कि फर्जी बिलिंग करने वाले कंस्ट्रक्शन फर्मों पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। जिसने बिना काम कराए बिल दिया है, उससे भी पैसा वसूला जाए। और सरपंच-सचिव के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई हो। वहीं ग्रामीणों की मांग है कि सरपंच-सचिव के साथ-साथ फर्जी बिल देने वाले कंस्ट्रक्शन फर्म, ठेकेदार पर भी एफआईआर होनी चाहिए। बिना काम कराए निकाल लिए गए सारे पैसे की वसूली हो, पिछले 2 साल के सभी बिल, वाउचर, मस्टर रोल की जांच हो और दोषियों को तुरंत निलंबित किया जाए।
