उड़ीसा में सक्रिय दो इनामी माओवादियों ने बीजापुर पुलिस के समक्ष किया आत्मसमर्पण

बीजापुर – छत्तीसगढ़ शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति और सुरक्षा बलों के लगातार नक्सल विरोधी अभियानों से प्रभावित होकर उड़ीसा राज्य में सक्रिय दो माओवादी कैडरों ने 25 नवंबर को बीजापुर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वालों में एक महिला सहित एक PCM एवं एक ACM रैंक का माओवादी शामिल है। दोनों पर कुल 13 लाख रुपये का इनाम घोषित था।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस, डीआरजी, कोबरा एवं सीआरपीएफ के संयुक्त प्रयासों से दोनों माओवादियों को आत्मसमर्पण के लिए प्रेरित किया गया। संगठन की कमजोर होती स्थिति, हिंसक विचारधारा से मोहभंग, सुरक्षा बलों का बढ़ता प्रभाव और क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने हिंसा का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया। आत्मसमर्पण करने वालों में नागमणि कुड़मे उर्फ शीला 32 वर्ष, निवासी चिपुरभट्टी, थाना बासागुड़ा शामिल है, जो ओडिशा के बटालियन नंबर 08 में PCM के पद पर सक्रिय थी। उस पर 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वहीं गंगा सोढ़ी उर्फ सोनू 26 वर्ष, निवासी डोडीतुमनार गादेपारा, थाना गंगालूर, ओडिशा की कालाहांडी एरिया कमेटी में ACM के पद पर कार्यरत था। उस पर 5 लाख रुपये का इनाम था।पुलिस के अनुसार, दोनों आत्मसमर्पित माओवादी छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा में लंबे समय से सक्रिय थे तथा कई गंभीर माओवादी घटनाओं और सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ों में शामिल रहे हैं। इनमें पुलिस कैंपों पर हमले और जवानों के शहीद होने वाली घटनाएं भी शामिल हैं।आत्मसमर्पण करने वाले दोनों कैडरों को छत्तीसगढ़ शासन की पुनर्वास नीति के तहत नियमानुसार आर्थिक सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण, आवास, शिक्षा एवं रोजगार से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि वे सम्मानपूर्वक समाज की मुख्यधारा से जुड़कर नया जीवन शुरू कर सकें।पुलिस प्रशासन के अनुसार, डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा एवं सीआरपीएफ के आपसी समन्वय से लगातार चलाए जा रहे अभियानों और पुनर्वास प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *