छात्रावास अधीक्षिका के खिलाफ छात्राओं ने खोला मोर्चा
जगदलपुर। बस्तर जिले के भानपुरी स्थित छात्रावास की छात्राओं ने अधीक्षिका के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग बस्तर (जगदलपुर) को आवेदन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। छात्राओं ने अधीक्षिका के व्यवहार और छात्रावास की व्यवस्थाओं को लेकर कई गंभीर शिकायतें की हैं।

छात्राओं द्वारा सौंपे गए आवेदन के अनुसार, छात्रावास अधीक्षिका का व्यवहार उनके प्रति ठीक नहीं है। छात्राओं का आरोप है कि उन्हें आवश्यक सामग्री पूरी मात्रा में उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। वहीं, अधीक्षिका भानपुरी से आना-जाना करती हैं और छात्रावास में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहती हैं।आवेदन में छात्राओं ने उल्लेख किया है कि अधीक्षिका कुछ समय के लिए ही छात्रावास आती हैं। अपनी समस्याएं बताने पर भी उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाता। इतना ही नहीं, किसी छात्रा के बीमार होने पर भी अभिभावकों को बुलाने के लिए कह दिया जाता है। छात्राओं ने विभागीय अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा वर्तमान अधीक्षिका के स्थान पर दूसरी अधीक्षिका नियुक्त करने की मांग की है। अब देखना होगा कि छात्राओं की शिकायत पर विभागीय अधिकारी क्या कदम उठाते हैं।
