संभाग आयुक्त एस एन राठौर ने मेडिकल कॉलेज की प्रबंधकारिणी समिति की बैठक ली

कवर्धा,,,28 नवंबर 2026। संभाग आयुक्त एस एन राठौर ने आज कलेक्टर तुलिका प्रजापति के साथ शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय कबीरधाम में प्रबंधकारिणी समिति की बैठक ली। बैठक में चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार, मानव संसाधन की उपलब्धता, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, आधुनिक चिकित्सा उपकरणों तथा मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

संभाग आयुक्त एस एन राठौर ने चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय की तात्कालिक आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तहत जीवन दीप समिति के माध्यम से मानव संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विभिन्न सेवाओं के लिए निविदा प्रक्रिया नियमानुसार एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय के अधिकारी उपस्थित थे।

अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश

बैठक में चिकित्सा महाविद्यालय भवन एवं संबद्ध चिकित्सालय में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। संभाग आयुक्त ने फायर एक्सटिंग्विशर सहित आवश्यक अग्नि सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था तथा भवन में फायर फिटिंग सिस्टम लगाए जाने के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अग्नि सुरक्षा उपकरणों के प्राक्कलन का पुनरीक्षण एवं अग्नि अनापत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई।

सीएसआर एवं मुख्यमंत्री अस्पताल रूपांतरण कोष के प्रस्तावों की समीक्षा

बैठक में सीएसआर मद के अंतर्गत चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय के लिए आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और सुविधाओं की उपलब्धता के लिए शासन को भेजे गए प्रस्तावों की जानकारी ली गई। मुख्यमंत्री अस्पताल रूपांतरण कोष वर्ष 2026-27 के अंतर्गत चिकित्सालय की सहायक सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए बहुमंजिला भवन निर्माण के प्रस्ताव पर चर्चा की गई। संभाग आयुक्त ने निर्माण कार्य के लिए छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड (सीजीएमएससी) से एस्टीमेट प्राप्त कर आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

पार्किंग, लॉन्ड्री एवं स्टोर रूम की व्यवस्था पर जोर

चिकित्सा महाविद्यालय एवं संबद्ध चिकित्सालय में मरीजों, परिजनों, कर्मचारियों एवं अन्य लोगों की सुविधा के लिए पार्किंग व्यवस्था विकसित करने तथा लॉन्ड्री सेवाओं के संचालन के संबंध में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा चिकित्सा महाविद्यालय में आवश्यक सामग्री के व्यवस्थित भंडारण के लिए शेडयुक्त स्टोर रूम का निर्माण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में ऑक्सीजन प्लांट की कार्यशीलता एवं रखरखाव के संबंध में भी चर्चा की गई। संभाग आयुक्त ने इस विषय पर शासन स्तर पर चर्चा कर आवश्यक अग्रिम कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

100 एमबीबीएस सीटों के अनुरूप 650 बिस्तरीय अस्पताल के विकास पर चर्चा

बैठक में चिकित्सा महाविद्यालय में प्रस्तावित 100 एमबीबीएस सीटों के अनुरूप 650 बिस्तरीय चिकित्सालय के विकास का प्रस्ताव तैयार कर सक्षम अधिकारी एवं शासन के समक्ष प्रस्तुत करने के संबंध में समीक्षा की गई। उन्होंने चिकित्सा महाविद्यालय के लिए आवश्यक वाहनों एवं फर्नीचर की खरीद से जुड़े विषयों पर भी जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *